बीकानेर में प्रतिभाओं का महाकुंभ: 25 कलम साधकों व खेल हस्तियों को 'कलमश्री अवार्ड', 95% से अधिक अंक लाने वाले 75 मेधावी विद्यार्थी भी सम्मानित

AYUSH ANTIMA
By -
0


बीकानेर (मुकेश रामावत): कला, साहित्य, शिक्षा, पत्रकारिता, खेल और सामाजिक सरोकारों के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाली 25 विशिष्ट प्रतिभाओं को शनिवार को 'कलमश्री अवार्ड' से सम्मानित किया गया। स्वर्गीय फुटबॉलर, शिक्षाविद् एवं बीकानेर की प्रथम खेल पत्रिका 'क्रीड़ांचल' के संपादक खुशाल चंद रंगा की स्मृति में जिला उद्योग संघ सभागार में अरज फाउंडेशन के तत्वावधान में यह गरिमामय समारोह आयोजित हुआ। समारोह में राष्ट्रीय संत सरजूदास महाराज का पावन सान्निध्य रहा। मुख्य अतिथि आईपीएस शालिनी बजाज थीं, जबकि जिला उद्योग संघ अध्यक्ष द्वारका प्रसाद पचीसिया, अर्जुन अवार्डी फुटबॉलर मगन सिंह राजवी, गोभक्त देवकिशन चांडक एवं वरिष्ठ पत्रकार संतोष जैन विशिष्ट अतिथि के रूप में मंचासीन रहे। अपने उद्बोधन में राष्ट्रीय संत सरजूदास महाराज ने कहा कि समाज की उत्कृष्ट प्रतिभाओं का सार्वजनिक सम्मान नई पीढ़ी के लिए प्रेरणा का स्रोत बनता है। खिलाड़ियों, शिक्षकों, साहित्यकारों, पत्रकारों और विद्यार्थियों का सम्मान समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करता है। मुख्य अतिथि आईपीएस शालिनी बजाज ने कहा कि ऐसे आयोजन युवाओं में उत्कृष्टता प्राप्त करने का उत्साह जगाते हैं। शिक्षा, साहित्य और खेल किसी भी समाज के समग्र विकास की मजबूत आधारशिला हैं तथा इन क्षेत्रों में योगदान देने वालों का सम्मान वास्तव में पूरे समाज का सम्मान है। कार्यक्रम के प्रारम्भ में स्व.खुशाल चंद रंगा के ज्येष्ठ पुत्र एवं उद्घोषक ज्योति प्रकाश रंगा ने बताया कि रंगा बीकानेर के ख्यातनाम फुटबॉलर, डूंगर कॉलेज छात्रसंघ अध्यक्ष तथा पुष्करणा सीनियर सेकेंडरी स्कूल के प्रधानाचार्य रहे। उन्होंने बीकानेर की पहली खेल पत्रिका 'क्रीड़ांचल' का संपादन कर खेल पत्रकारिता को नई दिशा दी। उनका मानना था कि शिक्षा और खेल जीवन को समान रूप से समृद्ध बनाते हैं। प्रिंसिपल कांता चौधरी, परमेश्वर स्वामी, विनोद कल्ला, डॉ.विजयश्री गुप्ता, मुकेश यादव, डॉ.विशाल गौड़, शिखा ऐरन, बबीता गुप्ता, शर्मिला स्वामी, उपन्यासकार अनिरुद्ध उमट, प्रो.ब्रजरतन जोशी, कवि सुनील गज्जाणी, डॉ.कृष्णा आचार्य, डॉ.कन्हैया लाल कछावा, लोकेश दत्त आचार्य, समाजसेवी देवकिशन चांडक, इंद्रकुमार चांडक, सुमति कुमार सुराणा, पत्रकार प्रमोद आचार्य, शिवचरण शर्मा, क्रिकेटर मधुर खत्री, निशानेबाज शिक्षा सारण, प्रशिक्षक हुकूमचंद ओझा तथा पावर लिफ्टर विक्रम सिंह चौहान सहित 25 प्रतिभाएं सम्मानित हुईं। समारोह में वर्ष 2026 की दसवीं और बारहवीं बोर्ड परीक्षाओं में 95 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले 75 मेधावी विद्यार्थियों का भी विशेष सम्मान किया गया। सम्मान पाकर विद्यार्थियों के चेहरे खुशी से खिल उठे और पूरा सभागार तालियों की गूंज से गूंज उठा। कार्यक्रम संयोजक रविन्द्र हर्ष ने संचालन किया। साहित्यकार कमल रंगा ने अतिथियों का स्वागत किया, जबकि अनिल जोशी ने आयोजन की रूपरेखा प्रस्तुत की।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!