सूरौठ/करौली (मोहन पाठक): क्षेत्र में बिजली तंत्र को मजबूत करने के लिए बिजली निगम के अधिकारियों ने कस्बा सूरौठ में 2.4 मेगावाट क्षमता के अत्याधुनिक सोलर पावर प्लांट लगाने के लिए बुधवार को विधिवत भूमि पूजन किया। यहां हिंडौन मार्ग के पास आयोजित हुए भूमि पूजन कार्यक्रम में काफी संख्या में बिजली निगम के कार्मिक एवं ग्रामीण मौजूद रहे। बिजली निगम के सूरौठ एईएन सीपी सैन ने बताया कि करीब 8.80 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत से बनने वाली सोलर पावर प्लांट परियोजना आगामी दो महीनों में पूरी तरह संचालित हो जाएगी। भूमि पूजन कार्यक्रम में विद्युत विभाग के अधीक्षण अभियंता रूपसिंह गुर्जर वर्चुअल माध्यम से जुड़े। कार्यक्रम में बिजली निगम के अधिशासी अभियंता मुकेश गुप्ता, सहायक अभियंता चन्द्र प्रकाश सैन, कनिष्ठ अभियंता रमेश कसाना, राजस्व अधिकारी दीपक गुर्जर, झांझरिया सोलर प्राइवेट लिमिटेड के प्रवीण कुमार अवस्थी, नगेंद्र तिवाड़ी, भौम सिंह मीणा, गंगा प्रसाद शर्मा, दीपक शर्मा सहित काफी संख्या में क्षेत्र के किसान एवं ग्रामीण मौजद रहे। अधिकारियों ने वैदिक मंत्र उच्चारण के साथ भूमि पूजन करवाया। बताया गया कि इस अत्याधुनिक प्लांट से प्रतिदिन लगभग 12,000 यूनिट बिजली का उत्पादन होगा, जो वार्षिक स्तर पर लगभग 43,80,000 यूनिट होगी। उत्पादित बिजली को 33/11 KV सब-स्टेशन के माध्यम से सीधे सूरौठ क्षेत्र में वितरित किया जाएगा। परियोजना के शुरू होने से न केवल सूरौठ, बल्कि इसके आस-पास के दर्जनों गांवों के ग्रामीण व किसान भाइयों को निर्बाध, स्थिर और गुणवत्तापूर्ण बिजली आपूर्ति का सीधा लाभ मिल सकेगा।
सूरौठ में 2.4 मेगावाट क्षमता के सोलर पावर प्लांट का बिजली निगम के अधिकारियों ने किया भूमि पूजन
By -
June 03, 2026
0
Tags: