निवाई (लालचंद माली): राज्य सरकार द्वारा आयोजित जनकल्याण शिविरों की श्रृंखला के तहत ग्राम पंचायत राहोली स्थित भारत निर्माण सेवा केंद्र पर ग्रामीण सेवा शिविर-2026 का आयोजन किया गया, जिसमें विभिन्न विभागों ने ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाते हुए जागरूक किया। ग्राम विकास अधिकारी राकेशकुमार बैरवा ने बताया कि शिविर में 22 विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारियों ने भाग लेकर राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी तथा पात्र लोगों को लाभान्वित किया। पंचायती राज विभाग की ओर से गुलाबचंद चांवला, कमोज कंवर, नर नारायण शर्मा, सत्यनारायण और कल्याण सिंह सहित कई लोगों को आवासीय मकानों के पट्टे वितरित किए गए। साथ ही स्वच्छ भारत मिशन के तहत व्यक्तिगत शौचालय निर्माण प्रोत्साहन राशि के लिए 10 आवेदन प्राप्त हुए। राजस्व विभाग ने 22 किसानों के राजस्व रिकॉर्ड में शुद्धिकरण, नामांतरण, तकासमा सहित विभिन्न कार्यों का निस्तारण किया, वहीं घुमंतू परिवारों के लिए आबादी भूमि आवंटन का प्रस्ताव भी तैयार किया गया। शिक्षा विभाग ने पालनहार योजना के अंतर्गत 6 बच्चों को लाभान्वित किया तथा घुमंतू परिवारों के बच्चों का विद्यालयों में प्रवेश कराया।
राजस्थान पथ परिवहन निगम द्वारा वरिष्ठ नागरिक कार्ड बनाए गए, जबकि महिला एवं बाल विकास विभाग ने गर्भवती महिलाओं को मुख्यमंत्री सुपोषण न्यूट्री किट वितरित की। चिकित्सा विभाग द्वारा रोगियों की बीपी, शुगर और हाइपरटेंशन जांच, टीबी स्क्रीनिंग, बच्चों का टीकाकरण तथा गर्भवती महिलाओं की प्रसव पूर्व जांच की गई। कृषि पर्यवेक्षक आशीष मीणा ने बताया कि कृषि विभाग द्वारा किसानों को योजनाओं की जानकारी देते हुए तारबंदी एवं पाइपलाइन संबंधी पत्रावलियां तैयार की गईं। पशुपालन विभाग ने 10 पशुपालकों को मंगला पशु बीमा पॉलिसी वितरित की। शिविर में विकास अधिकारी नन्दकिशोर शर्मा, मुख्य ब्लॉक शिक्षाधिकारी मंजू मीणा, प्रशासक फुला देवी मीणा, प्रधानाचार्य योगेंद्र सिंह नरूका, मधुसूदन शर्मा, राजेंद्र मीणा, शंकर लाल अटल, वार्ड पंच मुकेश चांवला, कन्हैया लाल चावला सहित अनेक अधिकारी, कर्मचारी एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।