पिलानी (राजेन्द्र शर्मा झेरलीवाला): पिलानी पंचायत समिति प्रधान बिरमा देवी ने पिलानी पंचायत समिति में प्रेस कांफ्रेंस कर पिलानी विधानसभा के भाजपा प्रत्याशी पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने विकास कार्यों को रोके जाने तथा कमीशन की डिमांड जैसे गंभीर आरोप लगाए। प्रधान ने बताया कि करीब 1 करोड़ 80 लाख रुपए के कार्य प्रभावित हुए हैं।
प्रधान ने कहा कि बार-बार कमीशन की मांग की जा रही है तथा जो मेंबर भाजपा प्रत्याशी के कहे अनुसार कार्य नहीं करते हैं, उन्हें धमकाया जाता है। कहा जाता है कि आगामी पंचायती चुनाव में भाजपा का टिकट नहीं लेने दूंगा। इस दौरान प्रधान के बाद पंचायत समिति सदस्य सुभाष योगी, नरेश जांगिड़ व सुनील पूनियां ने भी साफ तौर पर भाजपा प्रत्याशी पर आरोप लगाया कि उनके कार्यों को रोका जा रहा है और पैसों की डिमांड की जा रही है। प्रेस कांफ्रेंस में प्रधान के अलावा उपप्रधान अंजू देवी, पंसस सुनील पूनियां, नरेश जांगिड़ मौजूद रहे। वहीं आज प्रशासन एवं स्थापना समिति की बैठक का भी आयोजन हुआ, जिसमें धनवति देवी, अरविंद सैनी व राजेंद्र नेहरा ने स्वीकृत कार्यों को नहीं करवाने की बात कहते हुए कहा कि स्वीकृत कार्यों को अस्वीकृत कर दिया जाए। दिलचस्प बात यह रही कि जिन कार्यों को रद्द करने की बात कही गई, उनमें अरविंद सैनी का एक नलकूप का कार्य, राजेंद्र नेहरा के चार कार्य और धनवति देवी का कोई कार्य नहीं था। प्रधान ने आरोप लगाया कि कार्यों के लिए पहले प्रार्थना पत्र दिए गए, स्वीकृति मिलने के बाद अब उन्हें अस्वीकृत करवाने की बात की जा रही है, जिससे साफ जाहिर होता है कि विकास कार्यों से किसी को कोई लेना-देना नहीं है। प्रशासन एवं स्थापना समिति में प्रधान के अलावा सदस्य सुनील पूनियां, नरेश जांगिड़, धनवति देवी, राजेंद्र नेहरा, अरविंद सैनी आदि शामिल हैं। अन्य कमेटी में उपप्रधान अंजू देवी, शीशराम तानानिया व राजकुमार बिगोदना शामिल हैं।