निवाई (लालचंद माली): प्रताप नगर थाना इलाके में एक 15 वर्षीय किशोरी की संदिग्ध मौत होने की घटना को लेकर पूरे प्रदेश के वैश्य समाज में भारी आक्रोश व्याप्त है। उक्त घटना को लेकर अग्रवाल समाज निवाई ने उपखंड अधिकारी अजीत सिंह राठौड़ को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा है। ज्ञापन में दोषी अभियुक्तों को तुरंत गिरफ्तार करने एवं लापरवाही बरतने वाले पुलिसकर्मियों के खिलाफ त्वरित जांच कर कार्रवाई करने की मांग की है। रवि अग्रवाल, ताराचंद बोहरा, महेंद्र चंवरिया, मनोज पाटनी, पवन बोहरा, राकेश कुमार अग्रवाल, अशोक सिंघल, दिनेश मंगल, राजकुमार गोयल, अजय जैन, भागचन्द शेखाटिया व हेमंत कुमार सहित कई पदाधिकारियों ने बताया कि प्रताप नगर जयपुर निवासी मनीष कुमार अग्रवाल की 15 वर्षीय पुत्री कुमारी वंशिका गर्ग अचानक लापता हो गई थी। इस संबंध में पिता मनीष कुमार द्वारा 5 जून 2026 को प्रताप नगर थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवाई गई थी, जिस पर पुलिस ने गुमशुदगी का मामला दर्ज किया था। परिजनों ने एफआईआर में ही एक संदिग्ध व्यक्ति पर दोष होने का शक जताया था, जिसका नाम व मोबाइल नंबर उसी दिन रात 10 बजे ही प्रताप नगर थाना पुलिस को उपलब्ध करवा दिया गया था। घटना से बेहद परेशान व चिंतित परिजन रात के 1 बजे तक लगातार पुलिस से त्वरित कार्रवाई करने की गुहार लगाते रहे, लेकिन पुलिस ने कोई ठोस कदम नहीं उठाया और पीड़ित परिवार को सुबह आने की बात कहकर वापस भेज दिया गया। अगले दिन 6 जून को सुबह एआईएस कॉलोनी में एक लड़की की लाश बरामद हुई। आरोप है कि पुलिस पीड़ित परिवार को बिना कोई सूचना दिए ही शव को अस्पताल ले गई, जिसकी जानकारी परिवार को दोपहर 1 बजे हुई। परिजनों व समाज का कहना है कि पुलिस इस गंभीर मामले को कॉलोनी की तेरहवीं मंजिल से गिरकर आत्महत्या का रूप देने का प्रयास कर रही है, जबकि मृतका उस कॉलोनी में निवास ही नहीं करती थी। आशंका जताई जा रही है कि दोषी व्यक्तियों ने ही गलत भावना से किशोरी को बहला-फुसलाकर वहां बुलाया था और किसी गंभीर अपराध को अंजाम देने के बाद उसकी हत्या कर दी गई। पीड़ित परिवार व समाज का कहना है कि यदि पुलिस ने शिकायत मिलते ही मामले को गंभीरता से लिया होता और समय रहते त्वरित कार्रवाई की होती, तो बच्ची की जान बचाई जा सकती थी। इस लिहाज से पुलिस प्रशासन भी अपनी घोर लापरवाही के कारण इस मामले में बराबर का दोषी है। वर्तमान में मृतका का परिवार गहरे सदमे में है। उन्होंने मांग की है कि इस व्यभिचार और हत्या के मामले में संलिप्त दोषियों को शीघ्र से शीघ्र गिरफ्तार किया जाए, साथ ही मामले में गंभीर लापरवाही बरतने वाले पुलिस अधिकारियों को सख्त से सख्त सजा दी जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की दर्दनाक घटनाएं नहीं हो सके।
15 वर्षीय किशोरी की संदिग्ध मौत, अग्रवाल समाज ने मुख्यमंत्री के नाम एसडीएम को सौंपा ज्ञापन
By -
June 08, 2026
0
Tags: