जयपुर (राहुल शर्मा): कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) द्वारा आगामी 15 जून, सोमवार को जयपुर स्थित शहीद स्मारक पर दोपहर 3 बजे से विशाल एवं शांतिपूर्ण जनप्रदर्शन आयोजित किया जाएगा। इस प्रदर्शन में प्रदेशभर से छात्र, अभिभावक, बेरोजगार युवा, शिक्षक, सामाजिक कार्यकर्ता एवं विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधि शामिल होंगे। प्रदर्शन का उद्देश्य प्रदेश एवं देश की बिगड़ती शिक्षा व्यवस्था, भर्ती परीक्षाओं में लगातार सामने आ रहे पेपर लीक प्रकरणों, बढ़ती बेरोजगारी तथा युवाओं के भविष्य से जुड़े गंभीर मुद्दों को लेकर जनजागरण और जनदबाव बनाना है। शुक्रवार को पिंकसिटी प्रेस क्लब में आयोजित पत्रकार वार्ता सम्मेलन को राष्ट्रीय प्रवक्ता आशुतोष रांका, प्रोटेस्ट इंचार्ज दीपक बालियान, मीडिया इंचार्ज अभिषेक जैन बिट्टू और दलित एक्टिविस्ट रोशन मुड़िया आदि ने संबोधित किया। कॉकरोच जनता पार्टी प्रवक्ता आशुतोष रांका ने कहा कि एक व्यंग्य के रूप में शुरू हुआ यह अभियान आज जन-आंदोलन का स्वरूप ले चुका है। वर्षों से युवाओं की वास्तविक समस्याओं को नजरअंदाज कर उन्हें धर्म, जाति और अन्य राजनीतिक मुद्दों में उलझाया जाता रहा, लेकिन अब युवा अपने अधिकारों और भविष्य के लिए संगठित होकर आवाज़ उठा रहे हैं। दिल्ली और पुणे में हुए शांतिपूर्ण आंदोलनों को मिले व्यापक समर्थन ने यह साबित कर दिया है कि देश का युवा अब चुप रहने वाला नहीं है। मीडिया इंचार्ज अभिषेक जैन बिट्टू का कहना है कि राजस्थान कभी देश को सर्वाधिक आईआईटीयन और चार्टर्ड अकाउंटेंट देने वाले राज्यों में अग्रणी रहा है, लेकिन आज शिक्षा व्यवस्था गंभीर चुनौतियों का सामना कर रही है। प्रदेश में हजारों स्कूल और लाखों विद्यार्थी बुनियादी सुविधाओं के अभाव से जूझ रहे हैं। कई विद्यालय जर्जर भवनों में संचालित हो रहे हैं और शिक्षा का स्तर लगातार प्रभावित हो रहा है। निजी विद्यालयों की मनमानी, बढ़ती फीस और छात्रों पर बढ़ते मानसिक दबाव ने भी अभिभावकों की चिंताएं बढ़ाई हैं। दलित एक्टिविस्ट रोशन मुड़िया और गीगराज कोहली ने कहा कि कॉकरोच जनता पार्टी ने विश्वविद्यालयों में शिक्षकों के रिक्त पद, खराब आधारभूत संरचना तथा रोजगारोन्मुखी शिक्षा की कमी को भी गंभीर विषय बताया। साथ ही भर्ती परीक्षाओं में बार-बार सामने आ रहे पेपर लीक और भर्ती घोटालों को युवाओं के भविष्य के साथ अन्याय करार दिया। पार्टी नेताओं का कहना है कि शिक्षा और रोजगार के प्रश्न केवल छात्रों के नहीं, बल्कि पूरे समाज के प्रश्न हैं और इनके समाधान के लिए व्यापक जनभागीदारी आवश्यक है। प्रदर्शन इंचार्ज दीपक बालियान ने कहा कि कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके भी शामिल होंगे। संगठन ने प्रदेश भर के छात्र संगठनों, सामाजिक संस्थाओं, अभिभावकों, युवाओं और जागरूक नागरिकों से बड़ी संख्या में प्रदर्शन में शामिल होकर शिक्षा सुधार, पारदर्शी भर्ती व्यवस्था और युवाओं के अधिकारों की इस लड़ाई को मजबूत करने की अपील की है।
15 जून को जयपुर के शहीद स्मारक पर होगा युवाओं का महाप्रदर्शन: शिक्षा व्यवस्था, पेपर लीक और बेरोजगारी के खिलाफ उठेगी प्रदेशभर की आवाज़
By -
June 12, 2026
0
Tags: