जयपुर (श्रीराम इंदौरिया): सांगानेर विधानसभा क्षेत्र स्थित पत्रकार कॉलोनी के समीप चौधरी रोडूराम नगर विला विकास समिति एवं कैलाश सरोवर कॉलोनी के निवासियों ने सीवर लाइन सुविधा से लगातार वंचित रखे जाने पर गहरा आक्रोश व्यक्त किया है. कॉलोनी वासियों ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा के निर्वाचन क्षेत्र में ही आम नागरिकों को मूलभूत सुविधाओं से दूर रखा जा रहा है, जबकि जेडीए अधिकारी मनमाने तरीके से कार्य कर रहे हैं। समिति अध्यक्ष लव शर्मा एवं सचिव अतुल सक्सेना एडवोकेट ने बताया कि चौधरी रोडूराम नगर कॉलोनी वर्ष 2010 में जयपुर विकास प्राधिकरण से स्वीकृत कॉलोनी है। इसके बावजूद आज तक यहां सीवर लाइन नहीं डाली गई, जबकि इसके बाद स्वीकृत हुई प्रेम विहार और गुलाब विहार कॉलोनियों में सीवर लाइन कार्य पूरा किया जा चुका है। इतना ही नहीं, कृष्णा एनक्लेव जैसी गैर स्वीकृत कॉलोनी में भी सीवर लाइन डाली जा चुकी है। इसके बावजूद चौधरी रोडूराम नगर और कैलाश सरोवर कॉलोनियों की लगातार अनदेखी की जा रही है। समिति पदाधिकारियों ने कहा कि वर्ष 2017 में राजस्थान उच्च न्यायालय जयपुर पीठ में एस.बी. सिविल रिट याचिका संख्या 3311/2017 दायर की गई थी। उस दौरान जयपुर विकास प्राधिकरण द्वारा न्यायालय में शपथ-पत्र प्रस्तुत कर स्वीकार किया गया था कि कॉलोनी के खातेदारों द्वारा 65 लाख 92 हजार 520 रुपये विकास शुल्क के रूप में जमा करवाए जा चुके हैं। जेडीए ने न्यायालय में यह भी कहा था कि मुख्य सीवर लाइन उपलब्ध होने एवं फण्ड आने पर कार्य कराया जाएगा।
कॉलोनी वासियों का कहना है कि वर्तमान में आसपास की सीताराम विहार, जगदीश नगर, प्रेम विहार और अन्य कॉलोनियों में युद्धस्तर पर सीवर लाइन डाली जा रही है। ऐसे में केवल रोडूराम नगर और कैलाश सरोवर को वंचित रखना भेदभावपूर्ण रवैये को दर्शाता है। इस पूरे मामले में जेडीए के अधिशासी अभियंता दिलीप लांबा की भूमिका पर भी गंभीर सवाल उठ रहे हैं। आरोप है कि लगातार शिकायतों और जनप्रतिनिधियों को अवगत करवाने के बावजूद दोनों कॉलोनियों की समस्याओं को नजरअंदाज किया जा रहा है।
कॉलोनी वासियों ने बताया कि सीवर लाइन नहीं होने से गलियों में गंदा पानी जमा रहता है। जगह-जगह गंदगी फैल चुकी है और क्षेत्र बीमारी का बड़ा केंद्र बनता जा रहा है। बरसात और गर्मी के मौसम में स्थिति और भयावह हो जाती है। छोटे बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों को सर्वाधिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। बदबू और मच्छरों के कारण लोगों का घरों में रहना तक मुश्किल हो गया है। आवारा पशु गंदगी को और फैलाकर हालात बदतर बना रहे हैं। समिति ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र सीवर लाइन कार्य शुरू नहीं किया गया तो कॉलोनीवासी मजबूर होकर बड़ा जनआंदोलन करेंगे तथा न्यायालय की शरण लेने सहित लोकतांत्रिक तरीके से व्यापक विरोध दर्ज कराया जाएगा।