निवाई (लालचंद माली): ग्राम पंचायत सिरोही के आयुष्मान केंद्र एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में व्याप्त अव्यवस्थाओं और कर्मचारियों की कमी को लेकर ग्रामीणों ने चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग जयपुर के निदेशक को पत्र भेजकर उक्त समस्याओं का शीघ्र निराकरण करवाने की मांग की है। ग्रामीणों ने बताया कि अस्पताल में वर्तमान में कोई डॉक्टर नियुक्त नहीं है, सभी व्यवस्थाएं केवल एक महिला कंपाउंडर के भरोसे चल रही है, जिसके कारण मरीजों को न तो परामर्श मिल रहा है और न ही दवाइयां। पत्र में आरोप लगाया कि एक नर्स की नियुक्ति कागजों में सिरोही में दर्शा रखी है जबकि वह निवाई ऑफिस में कार्य करती है और केवल हस्ताक्षर करने के लिए सिरोही आती है। इसी प्रकार एक अन्य कंपाउंडर को मालपुरा डेपुटेशन पर लगा दिया गया है, जिससे स्थानीय चिकित्सा व्यवस्था चरमरा गई है। उन्होंने बताया कि चुराड़ा का अस्पताल पिछले तीन वर्षों से केवल कागजों में संचालित है और वहां की नर्स को भी सिरोही में लगा दिया गया है, जिससे चुराड़ा के ग्रामीण इलाज के लिए दर-दर भटकने को मजबूर हैं। ग्रामीणों ने ब्लॉक मुख्य चिकित्सा अधिकारी पर लापरवाही और भ्रष्टाचार के आरोप लगाते हुए कहा है कि प्रशासन की अनदेखी के कारण क्षेत्र की स्वास्थ्य व्यवस्था ठप्प हो रही है। ग्रामीणों ने विभाग से मांग की है कि सिरोही अस्पताल में तुरंत डॉक्टर की नियुक्ति की जाए और अन्य कर्मचारियों का डेपुटेशन निरस्त कर उन्हें मूल पदों पर वापस भेजा जाए। साथ ही चुराड़ा की नर्स को पुन: वहीं तैनात करने की मांग की है ताकि ग्रामीणों को समय पर उपचार मिल सके। पत्र भेजने वालों में केदार, रामराय, सिताराम, गजानंद, रामलाल, रामकरण, विष्णु, सतराज, रामलालजी, मदन किशोर, कैलाश, रामचंद्र, हनुमान व मदन सहित कई ग्रामीण मौजूद थे।
3/related/default