जंग खाए पुराने बिजली पोल बने खतरा, करंट से गई गाय की जान, लोगों का फूटा गुस्सा

AYUSH ANTIMA
By -
0



बीकानेर: शहर में बिजली कंपनी की लापरवाही एक बार फिर सामने आई है। शहर भर में जंग खा चुके लोहे के विद्युत पोल मौत का कारण बनते जा रहे हैं। हर बारिश के साथ इन पोलों में करंट दौड़ने से गौवंश की जान जा रही है। ऐसा ही एक दर्दनाक मामला पुष्करणा स्कूल क्षेत्र से सामने आया, जहां गुरुवार रात हुई बारिश के बाद लोहे के बिजली पोल में करंट दौड़ गया। इसकी चपेट में आने से एक गर्भवती गाय की मौके पर ही मौत हो गई। सुबह घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्र में आक्रोश फैल गया। घटना के विरोध में स्थानीय लोगों ने बिजली कंपनी के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। मौके पर भाजपा नेता वेद व्यास, पार्षद प्रदीप उपाध्याय, गौ सेवक इन्द्र राव, गणेश मोहन व्यास सहित कई लोग पहुंचे। उन्होंने विद्युत विभाग के अधिकारियों को मौके पर बुलाकर साफ कहा कि जब तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं होगा, तब तक उन्हें जाने नहीं दिया जाएगा।सूचना मिलते ही सीओ सिटी अनुज डाल, प्रशिक्षु आरपीएस रोहित चौधरी और नया शहर थानाधिकारी कविता पूनिया मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने समझाइश कर लोगों का गुस्सा शांत करवाया। पूर्व पार्षद प्रतिनिधि पुरुषोतम व्यास ने नयाशहर थाने में परिवाद देकर बिजली कंपनी के अधिकारियों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। परिवाद में बताया गया कि पहले भी कई बार लिखित और मौखिक शिकायतें देकर जंग लगे लोहे के पोल बदलने की मांग की गई थी, लेकिन कंपनी ने केवल आश्वासन ही दिया।
परिवाद में यह भी उल्लेख किया गया कि मृत गाय करीब आठ माह की गर्भवती थी और यह घटना सीधे तौर पर कंपनी की लापरवाही का परिणाम है। ऐसे में कंपनी के जिम्मेदार अधिकारियों पर हत्या का मुकदमा दर्ज करने की मांग की गई है।विरोध के बाद मौके पर पहुंचे बिजली कंपनी के अधिकारियों ने क्षेत्रवासियों को भरोसा दिलाया कि शहर में ऐसे खतरनाक पोलों की पहचान कर उन्हें जल्द बदलने की कार्रवाई शुरू की जाएगी।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!