नाला निर्माण की कछुआ चाल से खेतों में भरा पानी: डूबने से किसानों की फसल हुई चौपट

AYUSH ANTIMA
By -
0


निवाई (लालचंद माली): वैसे तो संपूर्ण क्षेत्र में हुई बारिश से किसानों की फसल में भारी नुकसान हुआ है लेकिन अर्जुन नगर नाले के आसपास के किसानों का सबसे ज्यादा नुकसान हुआ है। किसानों ने बताया कि नगर पालिका द्वारा अर्जुन नगर से बाईपास की तरफ जाने वाले रास्ते में बनाए जा रहे नाले के निर्माण की कछुआ चाल के कारण क्षेत्र के दर्जनों किसानों की फसल चौपट हो गई। किसानों ने बताया कि नगर पालिका द्वारा नाला एवं सड़क बनाने के लिए खेतों की कच्ची दीवार को जेसीबी से तोड़ दिया गया है, वहीं नाला निर्माण की कछुआ चाल के कारण शुक्रवार सुबह आई तेज बारिश से दर्जनों किसानों के खेतों में पानी भर जाने से लाखों रुपए का नुकसान हो गया है। किसानों ने बताया कि संपूर्ण शहर का पानी इसी रास्ते से आता है। खेतों की कच्ची दीवार हटाने के कारण संपूर्ण शहर का पानी खेतों में भर गया है, जिससे पककर तैयार हुई गेहूं की फसल खराब हो गई है। किसानों ने बताया कि वैसे तो बारिश से उपखंड क्षेत्र के सभी किसानों का नुकसान हुआ है लेकिन इस क्षेत्र के किसानों का ज्यादा नुकसान हुआ है क्योंकि यहां पर संपूर्ण शहर का पानी खेतों में भर गया है। उन्होंने बताया कि समय पर नाले का निर्माण नहीं किया गया तो किसानों के साथ इसी प्रकार से अन्याय होता रहेगा। किसानों ने बताया कि नाले के निर्माण को लेकर उन्होने कई बार नगर पालिका प्रशासन को भी अवगत करवा दिया गया है कि यहां पर कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है लेकिन प्रशासन द्वारा कोई सुनवाई नहीं की जाने के कारण किसानों को यह भुगतना पड़ रहा है। उन्होंने बताया कि राजनेता भी वोट के समय बड़े-बड़े वादे कर जाते हैं लेकिन उसके बाद में आकर के क्षेत्र के लोगों को नहीं पूछते हैं। किसानों ने प्रशासन से फसल के हुए नुकसान की भरपाई करवाने की मांग की है।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!