आज का समय युवाओं के सामने एक बड़ा और स्पष्ट प्रश्न खड़ा करता है—क्या केवल डिग्री ही सफलता की गारंटी है ? कुछ वर्ष पहले तक इसका उत्तर शायद “हाँ” माना जाता था, लेकिन आज की बदलती परिस्थितियों ने इस धारणा को पूरी तरह बदल दिया है। अब केवल डिग्री होना पर्याप्त नहीं, बल्कि उसके साथ कौशल होना भी उतना ही आवश्यक है। हमारे देश में हर वर्ष लाखों युवा विद्यालयों, महाविद्यालयों और विश्वविद्यालयों से डिग्रियां लेकर निकलते हैं। उनके हाथों में प्रमाण-पत्र तो होते हैं, परंतु उनमें से बड़ी संख्या रोजगार के लिए संघर्ष करती दिखाई देती है। आज गांव-गांव में यह सच साफ दिखाई देने लगा है। यह स्थिति केवल अवसरों की कमी का परिणाम नहीं, बल्कि शिक्षा और व्यवहारिक दक्षता के बीच बढ़ती दूरी का भी संकेत है। कटु सत्य यह है कि आज का रोजगार बाज़ार केवल यह नहीं देखता कि आपने क्या पढ़ा है, बल्कि यह भी देखता है कि आप क्या कर सकते हैं। वर्तमान समय में संवाद-कौशल, तकनीकी समझ, कंप्यूटर ज्ञान, भाषा दक्षता, समय प्रबंधन, समस्या-समाधान क्षमता और टीम के साथ काम करने की योग्यता अत्यंत महत्वपूर्ण हो चुकी है। अब नौकरी पाने के लिए केवल परीक्षा में अच्छे अंक लाना ही पर्याप्त नहीं, बल्कि स्वयं को कार्य के योग्य सिद्ध करना भी आवश्यक है। यही कारण है कि कई बार कम डिग्री वाला, पर कुशल युवा आगे निकल जाता है, जबकि अधिक डिग्री वाला अवसरों की प्रतीक्षा में पीछे रह जाता है।
विशेष रूप से ग्रामीण और कस्बाई क्षेत्रों के युवाओं के लिए यह विषय और भी अधिक महत्वपूर्ण है। वे अक्सर परिश्रम से शिक्षा प्राप्त तो कर लेते हैं, पर कौशल विकास के अवसर सीमित होने के कारण प्रतिस्पर्धा में पिछड़ जाते हैं। युवाओं को केवल प्रमाण-पत्र नहीं, प्रयोजन भी चाहिए। ऐसे में शिक्षण संस्थानों को भी अपनी भूमिका बदलनी होगी। शिक्षा केवल पाठ्यक्रम और परीक्षा तक सीमित न रहे, बल्कि उसे जीवनोपयोगी, रोजगारोन्मुख और आत्मनिर्भरता से जुड़ा बनाना होगा। युवाओं को भी यह समझना चाहिए कि समय बदल चुका है। अब केवल डिग्री लेकर बैठ जाने से भविष्य नहीं बनता। सीखते रहना, नया अपनाना, किसी एक क्षेत्र में दक्षता विकसित करना और छोटे कार्यों को भी सम्मानपूर्वक स्वीकार करना ही आगे बढ़ने का वास्तविक मार्ग है। आज की सबसे बड़ी सच्चाई यही है—डिग्री आपको शिक्षित साबित कर सकती है, लेकिन कौशल ही आपको उपयोगी, सक्षम और सफल बनाता है। डिग्री पहचान का प्रमाण है, कौशल सफलता का प्रमाण।