निवाई (लालचंद सैनी): राजस्थान दिवस को लेकर राजस्थान विकसित रन रैली का आयोजन किया गया। रैली को एसडीएम प्रीति मीणा ने प्रताप स्टेडियम से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली में प्रशासनिक अधिकारियों, कर्मचारियों व स्कूली बच्चों ने उत्साह के साथ भाग लिया। एसडीएम प्रीति मीणा ने कहा कि राजस्थान का इतिहास शौर्य व गौरव से भरा है और अब हमें इसे विकसित राजस्थान की नई पहचान देनी है। उन्होंने कहा कि यह दौड़ केवल एक आयोजन नहीं है, बल्कि प्रदेश को प्रगति की नई ऊंचाइयों पर ले जाने का एक सामूहिक संकल्प है। उन्होंने शिक्षा, स्वच्छता और विकास के मानकों पर ब्लॉक को अग्रणी बनाने का आह्वान किया। विकास अधिकारी नंदकिशोर शर्मा ने बताया कि रैली प्रताप स्टेडियम से रवाना होकर मुख्य मार्गों से होती हुई अहिंसा सर्किल पहुंची। रैली के माध्यम से राजस्थान के विकास एवं गौरवशाली इतिहास का संदेश जन-जन तक पहुँचाया गया। कार्यक्रम में ब्लॉक स्तरीय विभिन्न विभागों के अधिकारियों व विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। इस अवसर पर विकास अधिकारी नंदकिशोर शर्मा, सीबीईओ मंजू मीणा व पीईओ गिर्राज प्रसाद गुर्जर सहित आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं पंचायत समिति के समस्त स्टाफ मौजूद थे।
3/related/default