जयपुर (वसीम अकरम कुरेशी): पवित्र रमजान माह के अवसर पर मौलाना फजलुर्रहीम फाउंडेशन की ओर से शहर के विभिन्न क्षेत्रों में जरूरतमंद लोगों को राशन एवं रोजा इफ्तार किट का वितरण किया गया। शहर के भट्टा बस्ती, चांदपोल बाजार, नाई की थड़ी, खो नागोरियान, पाड़ा मंडी ईदगाह, ट्रांसपोर्ट नगर कच्ची बस्ती, घाट गेट बाजार, खजाने वालों का रास्ता तथा ईदगाह पंचरंग पट्टी क्षेत्र में 550 इफ्तार बॉक्स जरूरतमंद रोजेदारों को वितरित किए। संस्था की फाउंडर चेयरपर्सन डॉ.समरा सुल्ताना के अनुसार जयपुर शहर के विभिन्न क्षेत्रों में राशन किट वितरण अभियान भी चलाया जा रहा है, जिसके माध्यम से जरूरतमंद परिवारों तक आवश्यक खाद्य सामग्री पहुंचाई जा रही है, ताकि वे रमजान के महीने में आसानी से अपने परिवार के साथ रोजा रख सकें। डॉ.समरा ने बताया-इसी सेवा अभियान को आगे बढ़ाते हुए एमडी रोड पर एक विशेष इफ्तार वितरण ड्राइव का आयोजन किया गया। इस दौरान वॉलंटियर्स द्वारा एक हजार से अधिक इफ्तार किट वितरित किए गए। डॉ.समरा ने कहा-संस्था का उद्देश्य समाज में सेवा, सहयोग और मानवता की भावना को बढ़ावा देना तथा जरूरतमंद लोगों तक सहायता पहुंचाना है। मौलाना फजलुर्रहीम फाउंडेशन भविष्य में भी इसी प्रकार के सामाजिक और जनहित के कार्य करता रहेगा।
3/related/default