झुन्झुनू (राजेन्द्र शर्मा झेरलीवाला): हनुमान जन्मोत्सव पर 02 अप्रैल 2026 को शहर में निशान यात्रियों का लवाजमा निकलेगा। इस दिन हजारों की तादाद में भक्त निशान लेकर चूरू बाइपास स्थित श्री बन्धे का बालाजी मन्दिर में पहुंचेंगे। शहर के अलग-अलग समूहों के द्वारा इस भव्य कार्यक्रम की तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है।
मन्दिर ट्रस्ट के नरेश चन्द्र गाडिया ने बताया कि हनुमान जन्मोत्सव पर 02 अप्रैल को मंदिर परिसर में सतरंगी मेले का आयोजन होगा। इस दिन हजारों की संख्या में भक्तजन निशान लेकर पदयात्रा के रूप में बाबा के दरबार पहुंचकर निशान अर्पित करेंगे। इसके लिए विभिन्न संस्थाओं के बैनर तले भक्तों के समूह बगड़ रोड स्थित श्री गणेश मंदिर, श्री बड़ के बालाजी मंदिर, खेतान मोहल्ला स्थित श्री श्याम मंदिर, चूणा चौक स्थित रामलीला मैदान, मुनी आश्रम, कारूंडिया रोड स्थित खातियों की बगीची, हाउसिंग बोर्ड स्थित डूंगरी वाले बालाजी मंदिर, न्यू काॅलोनी के हनुमान मंदिर, नगर परिषद के निकट स्थित नगर नरेश बालाजी मंदिर, मणि विहार आदि स्थलों से निशान लेकर रवाना होंगे। गांधी चौक में पहुंचकर निशान यात्राओं का संगम होगा। यहां से हाथों में निशान थामे भक्तों का लवाजमा शाहों वाले कुआं, मल्टी परपज स्कूल, रोड नंबर एक, जिला परिषद सर्किल, मण्डावा मोड़, सेंट्रल स्कूल, चूरू बाइपास होते हुए श्री बन्धे का बालाजी मंदिर पहुंचेगा। इस दौरान शहर में व्यापारियों और आमजन द्वारा जगह-जगह पदयात्रियों का पुष्पवर्षा कर स्वागत किया जाएगा। छावनी बाजार, नेहरू बाजार, रूद्रावतार बालाजी, शार्दुल छात्रावास, मण्डावा मोड़ आदि जगह पदयात्रियों की सेवार्थ कैम्प लगाए जाएंगे। पदयात्रियों की भारी तादाद को देखते हुए युवाओं की टोलियां निशानों को तैयार करने के काम में जुट गई हैं।