बीकानेर: नयाशहर थाना क्षेत्र की मुरलीधर व्यास कॉलोनी में देर रात उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब आपसी विवाद को लेकर कुछ युवकों के बीच झगड़ा हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि मौके पर जमकर हंगामा हुआ और इलाके में दहशत का माहौल बन गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार झगड़े के दौरान युवकों ने कॉलोनी की सड़कों पर गाड़ियों को तेज रफ्तार से दौड़ाया, जिससे आसपास के लोगों में भय का माहौल बन गया। इसी दौरान उपद्रव के बीच एक बाइक को आग लगाने का प्रयास भी किया गया। इस घटना को लेकर नयाशहर थानाधिकारी कविता पुनिया ने बताया कि देर रात करीब 10:30 बजे परशुराम सर्किल के पास तीन दोस्त एक छोटी सी बात को लेकर आपस में लड़ पड़े। पुनिया के अनुसार तीनों दोस्तों में से एक ने दूसरे को रैली में नहीं आने का उलाहना दिया, जिससे वह नाराज हो गया और बातों-बातों में विवाद बढ़कर झगड़े में बदल गया। उन्होंने बताया कि विवाद के दौरान एक युवक ने मोटरसाइकिल को आग लगाने का प्रयास किया, लेकिन सर्किल पर ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों ने तुरंत स्थिति को संभाल लिया, जिससे मोटरसाइकिल जलने से बच गई। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। थानाधिकारी के अनुसार घटना के बाद रातभर पुलिस टीमों ने कई स्थानों पर दबिश दी। पुलिस ने एक कैंपर गाड़ी को जब्त करते हुए एक युवक को डिटेन किया है, जबकि दूसरे आरोपी की तलाश में पुलिस टीमें जुटी हुई हैं। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को काबू में किया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।
मुरलीधर व्यास कॉलोनी में देर रात हंगामा, बाइक जलाने का प्रयास; पुलिस ने एक युवक को दबोचा
By -
March 06, 2026
0
Tags: