बीकानेर: होली के दौरान अलग-अलग हादसों में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि बड़ी संख्या में लोग घायल हुए। पिछले 24 घंटों में 380 घायलों को पीबीएम अस्पताल के ट्रोमा सेंटर लाया गया, जिनमें से 24 लोगों की हालत गंभीर होने पर उन्हें भर्ती किया गया है। जानकारी के अनुसार मंगलवार, 3 मार्च को एक युवक की ट्रेन से कटने से मौत हो गई। वहीं खाजूवाला क्षेत्र में हुए सड़क हादसे में दो लोगों ने दम तोड़ दिया। इन तीनों को मृत अवस्था में ट्रोमा सेंटर लाया गया था। इसके अलावा पिछले कुछ दिनों से ट्रोमा सेंटर में भर्ती एक अन्य युवक की भी इलाज के दौरान मौत हो गई। ट्रोमा सेंटर के मेडिकल ऑफिसर डॉ.एलके कपिल के अनुसार बीते 24 घंटे में आए घायलों में करीब 200 लोग होली के दौरान हुए हादसों में घायल हुए थे। वहीं सौ से अधिक लोगों की तबीयत अत्यधिक शराब सेवन के कारण बिगड़ गई थी। इसके अलावा सड़क दुर्घटनाओं के मामले भी सामने आए। उन्होंने बताया कि रंगों के कारण आंखों और त्वचा से जुड़ी परेशानियों के कई मरीज भी अस्पताल पहुंचे। होली के मद्देनजर अस्पताल में सर्जरी, ऑर्थो, स्किन और नेत्र रोग विभाग के चिकित्सकों की 24 घंटे ड्यूटी लगाई गई थी, ताकि घायलों को तुरंत उपचार मिल सके।
3/related/default