घर में घुसकर युवक पर हमला, गर्भवती पत्नी से मारपीट का आरोप, मामला दर्ज

AYUSH ANTIMA
By -
0


बीकानेर: सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र में घर में घुसकर मारपीट करने का मामला सामने आया है। पीड़ित की रिपोर्ट पर पुलिस ने कई नामजद आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार शीतला गेट के अंदर दर्जियों की बड़ी गुवाड़, मस्जिद के पास निवासी मनीष पंवार (32) पुत्र कालूराम पंवार ने सिटी कोतवाली थाने में रिपोर्ट दी है। रिपोर्ट में बताया कि 3 मार्च 2026 की शाम करीब 7 बजे वह घर पर नहीं था और उस समय घर में उसकी पत्नी, माताजी और तीन साल की बेटी मौजूद थीं। आरोप है कि इसी दौरान राहुल तंवर, विनोद टाक, दीपक तंवर, नेमीचंद सोलंकी, गौतम सोलंकी, भवानी सोलंकी, चन्द्र प्रकाश दैया सहित अन्य लोग घर में घुस आए और मनीष पंवार के साथ मारपीट शुरू कर दी। बीच-बचाव करने आई उसकी पत्नी, जो छह माह की गर्भवती है, उसके साथ भी मारपीट की गई। आरोप है कि राहुल तंवर ने गर्भवती महिला के पेट पर लात मार दी, जिससे उसकी तबीयत बिगड़ गई और उसे पीबीएम अस्पताल में भर्ती करवाना पड़ा। पीड़ित ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपियों ने उसकी माताजी के साथ भी मारपीट की और उसकी तीन साल की बच्ची को सीढ़ियों से धक्का दे दिया। रिपोर्ट में बताया गया कि आरोपियों ने शराब पी रखी थी और गाली-गलौज करते हुए हमला किया। विनोद टाक ने बैट से वार किया, जिससे मनीष पंवार को चोटें आई। पुलिस ने घायल का मेडिकल करवाया, जिसमें उसके बाएं घुटने पर खरोंच के निशान और पैर में दर्द होना पाया गया। इस मामले में सिटी कोतवाली थाना पुलिस ने धारा 115(2), 126(2), 189(2), 333, 351(2) और 352 बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर लिया है। मामले की जांच एएसआई राकेश कुमार द्वारा की जा रही है।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!