जयपुर (श्रीराम इन्दोरिया): स्वामी केशवानंद प्रौद्योगिकी, प्रबंधन एवं ग्रामोत्थान संस्थान (SKIT), जयपुर के मैकेनिकल इंजीनियरिंग विभाग द्वारा 24 से 28 फरवरी 2026 तक आयोजित पाँच दिवसीय स्टाफ विकास कार्यक्रम “प्रयोगशाला सुरक्षा एवं कौशल (LaSS-2026)” का सफलतापूर्वक समापन हुआ। कार्यक्रम का उद्देश्य प्रयोगशाला एवं औद्योगिक सुरक्षा मानकों के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा स्टाफ को व्यावहारिक कौशल से सशक्त बनाना था। कार्यक्रम के अंतर्गत उद्योग एवं स्वास्थ्य क्षेत्र के विशेषज्ञों द्वारा सतत सुधार (काइजेन), व्यवहार आधारित सुरक्षा, अग्नि सुरक्षा अभ्यास, आपातकालीन प्रतिक्रिया, अग्निशामक यंत्र एवं हाइड्रेंट प्रणाली के संचालन, बेसिक लाइफ सपोर्ट (BLS), सीपीआर (CPR), प्राथमिक उपचार तथा 5S सुरक्षा प्रणाली जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर सत्र एवं व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान किया। विशेषज्ञों ने 5S के पाँच चरण-सेइरी (Sort), सेइतोन (Set in Order), सेइसो (Shine), सेइकेत्सु (Standardize) तथा शित्सुके (Sustain)-की अवधारणा को वास्तविक औद्योगिक प्रक्रियाओं के माध्यम से समझाया। बॉश लिमिटेड, एमडीएम फायर सर्विसेज प्रा.लि., एसजी इंजीनियरिंग वर्क्स तथा इटर्नल हॉस्पिटल द्वारा कार्यशाला के दौरान प्रायोगिक (हैंड्स-ऑन) सत्र में सक्रिय एवं सराहनीय सहयोग प्रदान किया गया। समापन अवसर पर प्रोफेसर विनय सिंह मारवाल द्वारा प्रयोगशाला अनुरक्षण, उपकरणों की नियमित जाँच एवं अंशांकन, सुरक्षा प्रोटोकॉल के अनुपालन तथा मानकीकृत कार्यप्रणालियों के महत्व पर प्रकाश डाला गया। कार्यक्रम का सफल संचालन मैकेनिकल इंजीनियरिंग विभाग के प्रोफेसर विनय सिंह मारवाल, प्रमोद जैन, अरुण बेनीवाल, संदीप कुमार भास्कर एवं सौरभ गुप्ता के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ।
SKIT में “प्रयोगशाला सुरक्षा एवं कौशल (LaSS-2026)” स्टाफ विकास कार्यक्रम का सफल समापन
By -
February 28, 2026
0
Tags: