जयपुर (श्रीराम इंदौरिया): स्वामी केशवानंद इंस्टीट्यूट ऑफ़ टेक्नोलॉजी, मैनेजमेंट एंड ग्रामोत्थान के इलेक्ट्रॉनिक्स एंड कम्युनिकेशन इंजीनियरिंग विभाग और मैकेनिकल इंजीनियरिंग के संयुक्त तत्वावधान में दो दिवसीय छात्र कार्यशाला का शुभारंभ हुआ। कार्यशाला का विषय “सतत विकास लक्ष्य (Sustainable Development Goals)” रखा गया। कार्यक्रम के प्रारंभ में इलेक्ट्रॉनिक्स एंड कम्युनिकेशन विभागाध्यक्ष प्रो.पीके जैन, मैकेनिकल इंजीनियरिंग विभाग के प्रो.अचिन श्रीवास्तव द्वारा मुख्य अतिथि का स्वागत किया गया। प्रो.श्रीवास्तव ने स्वागत भाषण प्रस्तुत कर कार्यक्रम की औपचारिक शुरुआत की।कार्यशाला के उद्घाटन सत्र में मुख्य वक्ता रामदयाल सेन ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए सतत विकास लक्ष्यों की अवधारणा, उनकी वैश्विक एवं राष्ट्रीय प्रासंगिकता तथा वर्तमान समय में उनकी आवश्यकता पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने युवाओं को यह बताया कि किस प्रकार व्यक्तिगत स्तर पर सहभागिता सुनिश्चित कर सतत विकास के लक्ष्यों को व्यवहार में उतारा जा सकता है। रामदयाल सेन ने युवाओं से सतत विकास की दिशा में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान करते हुए कहा कि ग्राम विकास के माध्यम से ही विकसित भारत का लक्ष्य प्राप्त किया जा सकता है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि संयुक्त राष्ट्र द्वारा निर्धारित 17 सतत विकास लक्ष्यों को किस प्रकार 9 सूत्रीय कार्यक्रम के रूप में ग्रामीण विकास से जोड़कर लागू करने के प्रयास किए जा रहे हैं। कार्यशाला का समन्वय डॉ.किरण राठी एवं डॉ.अमित झालानी द्वारा किया गया। इस अवसर पर इलेक्ट्रॉनिक्स एंड कम्युनिकेशन तथा मैकेनिकल इंजीनियरिंग विभाग के अनेक संकाय सदस्य एवं छात्र उपस्थित रहे।
3/related/default