बहरोड़: मंथन फाउंडेशन चैरिटेबल ट्रस्ट द्वारा संचालित मंथन स्पेशल स्कूल में शनिवार को “होली के रंग, दिव्यांग बच्चों के संग” कार्यक्रम का आयोजन कर फ़ागोत्सव धूमधाम से मनाया गया। मंथन संस्थापक डॉ.पीयूष गोस्वामी ने बताया कि मंथन फाउंडेशन का मुख्य उद्देश्य इन विशेष बच्चों को समाज की मुख्य धारा से जोड़ना है एवम यह तभी संभव है, जब युवा इन्हें समाज का अभिन्न अंग माने, इनके सुख दुख बाँटे, इनकी मासूम व निश्छल भावनाओं को समझें। इसी दिशा में अग्रसर होते हुए कार्यक्रम की थीम “समावेशन” रखी गई, जहाँ एनआईआईटी विश्वविद्यालय नीमराणा से आए हुए बीटेक के छात्र छात्राओं ने रंगों का त्योहार होली इन बच्चों के साथ हर्षोल्लास से मनाया, सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ दी गई, क्ले मोल्डिंग व बैंड मेकिंग का प्रशिक्षण दिया गया। यूनिवर्सिटी के विद्यार्थियों व मंथन के बच्चों ने एक दूसरे के साथ फूल, चंदन व गुलाल से होली खेलकर ज़िन्दगी में ख़ुशियों के रंग भरे व गुजिया की मिठास के साथ ढेरों बधाइयाँ दी। साथ ही उस दौरान योग प्रशिक्षक रवीना मौरोड़िया द्वारा योग के महत्व पर प्रकाश डाला गया तथा विभिन्न योग मुद्राओं का प्रदर्शन किया।
समावेशित फ़ागोत्सव के दौरान मंथन संस्थापक डॉ.पीयूष गोस्वामी, राष्ट्रीय सचिव डॉ.सविता गोस्वामी, बहरोड़ इकाई अध्यक्ष अमित कुमार यादव, महिला इकाई अध्यक्ष नेहा जैन, संरक्षक वसंती यादव, कोषाध्यक्ष चेतना यादव, योगाचार्य रामसिंह मौरोड़िया, विशेष शिक्षक अंकित सेन, शालिनी शर्मा, पायल, डेनिस कुमार, प्रवीण यादव, कम्युनिटी कनेक्ट प्रोग्राम कोऑर्डिनेटर प्रोफ़ेसर अंशिमा श्रीवास्तव, सहजता सिंह, बबीता, प्रिंसी, तनिष्क, अधिराज सहित छात्र व अभिभावक उपस्थित रहे।