चिड़ावा (राजेन्द्र शर्मा झेरलीवाला): लंबे इंतजार के बाद नगर पालिका क्षेत्र चिड़ावा में निर्मित आधुनिक बस स्टैंड का गुरुवार को दोपहर करीब 3:15 बजे विधिवत लोकार्पण किया गया। शिव नगरी के नाम से प्रसिद्ध चिड़ावा में बना यह नया बस स्टैंड स्थानीय नागरिकों व यात्रियों के लिए बड़ी सौगात साबित होगा। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सांसद बृजेंद्र सिंह ओला, विधायक पितराम सिंह काला तथा नगर पालिका चेयरमैन सुमित्रा सैनी उपस्थित रहे। अतिथियों ने संयुक्त रूप से फीता काटकर बस स्टैंड का उद्घाटन किया। लोकार्पण समारोह में समाजसेवी शीशराम हलवाई, उपाध्यक्ष अभय सिंह बडेसरा, एडवोकेट विनोद डांगी, सूर्यकांत, पूर्व सरपंच धर्मपाल पायल, सतपाल जांगिड़, राकेश नायक, विनोद झाझड़िया, संजय दुनिया, युवा नेता अभिषेक सोनू शर्मा, रामकांत, सरपंच संदीप सैनी, पूर्व प्रधान शेरसिंह नेहरा, मुकेश पुनिया, मोती डांगी, निखिल चौधरी, अविनाश शर्मा, रतन सिंह (बुकिंग एजेंट), सुनील झाझड़िया (बुकिंग एजेंट) सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक व स्थानीय लोग मौजूद रहे। नए बस स्टैंड परिसर को यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए आधुनिक रूप से विकसित किया गया है। यहां यात्रियों के लिए आधुनिक प्रतीक्षालय (वेटिंग हॉल), रैन बसेरा, छायादार बैठने की व्यवस्था, बेहतर यातायात प्रबंधन, पार्किंग सुविधा एवं आधुनिक शौचालय जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं।नगरवासियों का मानना है कि नए बस स्टैंड के शुरू होने से चिड़ावा की कनेक्टिविटी और मजबूत होगी तथा आसपास के गांवों व कस्बों से आने वाले यात्रियों को विशेष लाभ मिलेगा। पहले जहां पुरानी व्यवस्थाओं के कारण यात्रियों को परेशानी होती थी, अब आधुनिक सुविधाओं से यातायात को नया आयाम मिलेगा।
3/related/default