जमीअतुल कुरैश की राष्ट्रीय कांफ्रेंस में जुटे देशभर के स्कॉलर्स

AYUSH ANTIMA
By -
0


जयपुर (वसीम अकरम कुरेशी): ऑल इंडिया जमीअतुल कुरैश की राष्ट्रीय कांफ्रेंस रविवार को यहां बिरला ऑडिटोरियम में समारोहपूर्वक हुई। जिसमें संगठन के राष्ट्रीय पदाधिकारी, साइंटिस्ट, ब्यूरोक्रेट्स, चिकित्सा, शिक्षा, धर्म, समाज से जुड़ी नामचीन शख्सिसयतें शामिल हुई। कांफ्रेंस की अध्यक्षता कर रहे जमीअतुल कुरैश के राष्ट्रीय अध्यक्ष सिराजुद्दीन कुरैशी ने कार्यक्रम में उठे विभिन्न मुद्दों एवं महत्वपूर्ण बातों पर गंभीरता से मनन करने की बात कहते हुए शिक्षा पर बल दिया। वहीं उन्होंने सभी से अपने बच्चों को आगे लाकर विकास की ओर अग्रसर रहने का आह्वान किया। संगठन की महिला विंग की राष्ट्रीय अध्यक्ष जीनत कुरैशी ने बच्चियों को तालीम, तिजारत सहित सभी क्षेत्रों में आगे लाने पर बल दिया, साथ ही सभी से इस संदर्भ में संकल्प लिया।
कार्यक्रम का संचालन कर रहे संगठन के प्रदेश अध्यक्ष हाजी नईमुद्दीन कुरैशी एवं संरक्षक छुट्टन कुरैशी ने सभी से अपने आपसी मतभेद भुलाकर एकजुटता के साथ प्रगति पथ सदैव अग्रसर रहने का आह्वान किया। मुख्य अतिथि एवं साइंटिस्ट डॉ.जहीरूद्दीन ने कहा-इस्लामी तरीके पर चलते हुए हमें हर क्षेत्र की शिक्षा ग्रहण करनी चाहिए। देश व समाज के लिए विकास के नए आयाम स्थापित करें। उन्होंने कहा-हमें तिरंगे को पूरी दुनिया में लहराना है। जमीअतुल कुरैश यूथ विंग के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष इमरान कुरैशी ने शिक्षा पर बल देते हुए देश व समाज के विकास में सभी से अपनी महत्ती भूमिका का निर्वहन करने का आह्वान किया। उन्होंने समाज की समग्रता, उन्नति, विकास एवं स्मृद्धि की चर्चा करते हुए कहा कि हमें लोकतंत्र में मजबूती का प्रदर्शन करते हुए राजनैतिक क्षेत्र में अग्रसर रहना होगा।
अतिथि एनआरआई रफीक कुरैशी भादरा ने जनसंख्या के मुताबिक अल्पसंख्यक मुस्लिम समाज में कुरैशी बिरादरी बड़ी संख्या में होने के बावजूद सियासी व शैक्षिक क्षेत्र में पिछड़ने पर चिंता जताई। वहीं उन्होंने भामाशाह दाऊद कुरैशी द्वारा 36 कौमों के लिए किए कार्यों को मार्गदर्शक व अनुकरणीय बताया। भादरा नगर पालिका की निवर्तमान चेयरपर्सन मुसकान कुरैशी ने सामाजिक एकता पर बल देते हुए जिम्मेदारी के साथ बच्चियों को शिक्षा के क्षेत्र में आगे लाने पर बल दिया। उन्होंने उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए फिजूल खर्ची बंद कर शादियों को आसान करने और पैसा बच्चों की तालीम पर खर्च करने का आह्वान किया। जयपुर शहर जिला अध्यक्ष फसीउद्दीन कुरैशी एवं प्रदेश महासचिव खालिद कुरैशी ने संगठन के 100 वर्षों के इतिहास पर प्रकाश डालते हुए शिक्षा की उपयोगिता पर विशेष बल दिया। जामा मस्जिद जयपुर के सदर शब्बीर कुरैशी मुहम्मदी ने कौम की एकजुटता का आह्वान करते हुए शैक्षिक व आर्थिक मजबूती की बात कही।
कांफ्रेंस में प्रदेश सहित देशभर से आए विभिन्न स्कॉलर्स, साइंटिस्ट, ब्यूरोक्रेट्स, चिकित्सा, शिक्षा, धर्म, समाज से जुड़ी विभिन्न प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया। कांफ्रेंस में ऑल इंडिया मुस्लिम पर्सनल लॉ बोर्ड के वरिष्ठ सदस्य अबु तालिब नौमानी, यूसुफ कुरैशी, शब्बीर खान सहित मेडिकल और विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े वरिष्ठजनों एवं छात्र-छात्राओं ने अपने विचार व्यक्त कर समाज की एकजुटता पर बल दिया। वहीं प्रदेशाध्यक्ष नईम कुरैशी से सभी आगंतुकों का धन्यवाद ज्ञापित किया।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!