दूनी/टोंक (लालचंद सैनी): कस्बे के घाड़ रोड स्थित रैगर-बैरवा मोहल्ले में वर्षों पुराने सार्वजनिक कुएं और चबूतरे पर हो रहे निर्माण कार्य को लेकर विवाद खड़ा हो गया है, जिसको लेकर बैरवा समाज के लोगों ने तहसीलदार को ज्ञापन सौंपकर चल रहे निर्माण कार्य को तुरंत रुकवाने की मांग की। ज्ञापन में बताया कि कुएं और चबूतरे का निर्माण ग्राम पंचायत द्वारा सार्वजनिक हित में रैगर और बैरवा दोनों समाजों के उपयोग के लिए करवाया गया था। पूर्व में दोनों ही समाज इसका उपयोग करते थे लेकिन पिछले कुछ समय से आपसी मतभेदों के चलते इसका उपयोग बंद था। ग्रामीणों का आरोप है कि अब रैगर समाज द्वारा इस सार्वजनिक संपत्ति को निजी बताकर वहां धर्मशाला बनाने हेतु निर्माण कार्य शुरू कर दिया गया है, जो कि पूरी तरह अनुचित है। मोहल्ले वासियों ने प्रशासन को अवगत करवाया कि यह स्थल रिकॉर्ड में सार्वजनिक है और समय-समय पर पंचायत द्वारा इसकी मरम्मत भी कराई जाती रही है। ग्रामीणों ने प्रशासन से पुराने राजस्व रिकॉर्ड की जांच कर चल रहे अवैध निर्माण को बंद करवाने की मांग की। इसके साथ ही नगर पालिका प्रशासन के माध्यम से कुएं की सफाई करवाकर पुनः आम जनता के पीने के पानी और अन्य कार्यों के उपयोग हेतु बहाल करने की भी इच्छा जाहिर की।
सार्वजनिक कुएं व चबूतरे पर निर्माण विवाद को लेकर बैरवा समाज ने तहसीलदार को सौंपा ज्ञापन
By -
February 03, 2026
0
Tags: