झुंझुनूं (राजेन्द्र शर्मा झेरलीवाला): धार्मिक आस्था, सनातन संस्कृति और भक्ति रस से ओतप्रोत वातावरण के बीच श्री आनंद कृष्ण जी महाराज के सानिध्य में 17 फरवरी से 26 फरवरी 2026 तक गांव में भव्य धार्मिक मेले एवं संगीतमय श्रीमद्भागवत कथा का विशाल आयोजन होने जा रहा है। यह आयोजन बाबा आकाश गिरी महाराज के पावन सानिध्य में संपन्न होगा, जिसे लेकर समूचे क्षेत्र में उत्साह और श्रद्धा का माहौल है। जानकारी देते हुए भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं समाजसेवी महेश बसावतिया ने बताया कि आयोजन का शुभारंभ 17 फरवरी को भव्य कलश यात्रा के साथ होगा। कलश यात्रा में सैकड़ों महिलाएं पारंपरिक वेशभूषा में सिर पर कलश धारण कर गांव की गलियों से होकर कथा स्थल तक पहुंचेंगी। ढोल-नगाड़ों, भजनों और जयघोष के साथ निकाली जाने वाली यह यात्रा धार्मिक चेतना और सांस्कृतिक गौरव का प्रतीक बनेगी। इसके पश्चात संगीतमय श्रीमद्भागवत कथा का शुभारंभ होगा, जिसमें श्री आनंद कृष्ण जी महाराज अपने ओजस्वी प्रवचनों, मधुर वाणी और भावपूर्ण कथावाचन से श्रद्धालुओं को भक्ति रस में सराबोर करेंगे। कथा के दौरान भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं, भक्ति, ज्ञान और सनातन मूल्यों का जीवंत वर्णन किया जाएगा।
पूरे दस दिवसीय आयोजन के दौरान मेला स्थल पर धार्मिक, सांस्कृतिक और आध्यात्मिक गतिविधियों की भव्य छटा देखने को मिलेगी। दूर-दराज के क्षेत्रों से संत-महात्मा, श्रद्धालु एवं भक्तजन इस आयोजन में शिरकत करेंगे। इस भव्य आयोजन के आयोजक समस्त ग्रामवासी हैं, जिन्होंने क्षेत्रवासियों एवं श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में पधारकर धार्मिक लाभ प्राप्त करने की अपील की है। आयोजन को लेकर गांव को भव्य रूप से सजाया जा रहा है और व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है। यह आयोजन न केवल धार्मिक आस्था का केंद्र बनेगा, बल्कि सामाजिक एकता, सांस्कृतिक चेतना और सनातन परंपराओं को सुदृढ़ करने का भी संदेश देगा।