निवाई (लालचंद सैनी): प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सिरस में संविदा पर कार्यरत फार्मासिस्ट के खिलाफ शिकायत की गई।जिसमें आरोप लगाया गया है कि फार्मासिस्ट कार्यस्थल पर उपस्थित नहीं रहता, इसके बावजूद उसका वेतन नियमित रूप से उठाया जा रहा है। मामले को लेकर चिकित्सा मंत्री, मुख्य सचिव चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग जयपुर, जिला कलेक्टर और मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी टोंक को पत्र भेजकर कार्रवाई की मांग की गई है। शिकायत के अनुसार, श्रीनाथ एंटरप्राइजेज प्लेसमेंट एजेंसी के माध्यम से नियुक्त यह फार्मासिस्ट कभी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सिरस में कार्य करने नहीं जाता है। बताया जाता है कि कभी भी ग्रामीणों ने उसे नही देखा है और न ही पीएचसी के स्टाफ ने उसकी उपस्थिति दर्ज की है। केंद्र पर मरीजों को दवाएं वार्ड बॉय द्वारा दी जा रही हैं। चौंकाने वाली बात यह है कि तत्कालीन चिकित्सा अधिकारी प्रभारी द्वारा प्रतिमाह उसकी उपस्थिति भेजी जाती रही है, जिसके आधार पर उसका वेतन लगातार उठाया जा रहा है।
ग्रामीणों ने बताया कि यह फार्मासिस्ट खंड मुख्य चिकित्सा अधिकारी निवाई कार्यालय में कार्यरत सहायक प्रशासनिक अधिकारी सत्यदेव शर्मा का रिश्तेदार है। शिकायत पत्र में बताया कि बीसीएमओ, प्लेसमेंट एजेंसी और सत्यदेव शर्मा की मिलीभगत से यह राशि उठाई जा रही है। शिकायत में यह भी कहा गया है कि कथित फार्मासिस्ट पंकज शर्मा सिर्फ सरकारी नौकरी में अनुभव का लाभ लेने के लिए यह सब कर रहा है। शिकायतकर्ता ने इस पूरे मामले की जांच करवाकर दोषी व भ्रष्ट अधिकारियों एवं कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। इस संबंध में तत्कालीन पीएचसी प्रभारी सौम्या का कहना है कि मैं वहां से रिलीव हो गई हूं। पेमेंट पीएससी से ही जा रहा है।
*इनका कहना है*
मेरी जानकारी में नहीं है, यदि ऐसा हो रहा है तो उसकी जांच करवाई जाएगी और दोषियों पर कार्यवाही की जाएगी।
*शैलेंद्र सिंह चौधरी*
मुख्य चिकित्सा अधिकारी, टोंक