राष्ट्रीय आयुर्वेद संस्थान में वार्षिक खेल महोत्सव ‘तरंग 2026’ का भव्य शुभारंभ

AYUSH ANTIMA
By -
0

जयपुर (श्रीराम इंदौरिया): राष्ट्रीय महत्व के संस्थान में वार्षिक खेल महोत्सव ‘स्पोर्ट्स तरंग 2026’ का भव्य आगाज किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन राष्ट्रीय आयुर्वेद संस्थान के कुलपति प्रोफेसर संजीव शर्मा ने किया। इस वार्षिक खेल प्रतियोगिता का आयोजन 14 फरवरी से 23 फरवरी तक संस्थान में किया जायेगा। कुलपति प्रोफेसर संजीव शर्मा ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि किसी भी खेल में जीत या हार से अधिक महत्वपूर्ण उसमें भाग लेना है। खेलकूद युवाओं और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए अत्यंत आवश्यक है। कक्षाओं में विद्यार्थियों को विषय का ज्ञान दिया जाता है, लेकिन खेल के मैदान में वे जीवन के महत्वपूर्ण अनुभव सीखते हैं। खेल शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को सुदृढ़ बनाते हैं तथा मजबूत व्यक्तित्व की नींव रखते हैं। खेल न केवल शारीरिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाते हैं, बल्कि अनुशासन, टीमवर्क और नेतृत्व जैसे गुणों का भी विकास करते हैं। उन्होंने सभी प्रतिभागियों को खेल भावना के साथ प्रतियोगिताओं में भाग लेने के लिए प्रेरित किया। संस्थान की खेल समिति के आयोजक डॉ.संजय अग्रवाल एवं डॉ.विपिन तंवर ने जानकारी दी कि इस वर्ष कुल 14 खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। इनमें पहली बार चार नए खेल खो-खो, बास्केटबॉल, शॉट पुट और डिस्कस थ्रो को शामिल किया गया है। नए खेलों के शामिल होने से विद्यार्थियों में विशेष उत्साह देखा जा रहा है।
उद्घाटन समारोह के दौरान रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दी गईं। आगामी दिनों में आयोजित होने वाली विभिन्न प्रतियोगिताओं की रूपरेखा प्रस्तुत की गई। पूरे परिसर में उत्साह और उमंग का वातावरण देखने को मिला। इस अवसर पर कुलसचिव अनिता शर्मा, प्रोफेसर पी.हेमंता, सभी विभागाध्यक्ष, चिकित्सक एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!