मंडावा (राजेन्द्र शर्मा झेरलीवाला): श्री श्याम जन कल्याण सेवा समिति के तत्वाधान में शीश के दानी हारे का सहारा बाबा श्याम के जयकारों के साथ पांच दिवसीय पदयात्रा 151 निशानों के साथ मंडावा से खाटूधाम के लिए रवाना हुई। राजेश सैन निवास खेमाणियों के कुएं के पास पंडित चौथमल शर्मा के सानिध्य में मुख्य यजमान सहित सैकड़ों श्रद्धालुओं ने जोत प्रज्ज्वलित कर निशानों की पूजा-अर्चना की और बाबा श्याम को धोक लगाई। गाजे-बाजे के साथ रवाना हुई पदयात्रा का फतेहपुर स्टैंड, मुख्य बाजार, सुभाष चौक, मुकुंदगढ़ स्टैंड सहित विभिन्न स्थानों पर पुष्पवर्षा कर स्वागत किया गया। अलखियान जोहड़े स्थित दुर्गा मंदिर में स्वागत उपरांत पदयात्री अल्पाहार कर आगे के लिए रवाना हुए। पांच दिवसीय यात्रा मंडावा से मुकुंदगढ़, नवलगढ़, सीकर व रानोली होते हुए 22 फरवरी को खाटू श्याम मंदिर खाटूधाम पहुंचेगी, जहां विधिवत पूजा-अर्चना के बाद 23 फरवरी को निशान बाबा श्याम के दरबार में अर्पित किए जाएंगे। इससे पूर्व 18 फरवरी को भजन संध्या व विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। यात्रा में शिवचरण गाड़ोदिया, बनवारी लाल गाड़ोदिया, आलोक महर्षि, दीपक खांडल, राजेश रणजीरोत, पंकज पशुपति शर्मा, गोविंद सोनी, योगेश कुमार, रमेश लुहारूवाला, संजय जोशी, मधु जोशी, राजेन्द्र पालावत, चांद कंवर, आयुष जोशी, अनिल शर्मा (मुंबई), इंदु शर्मा (मुंबई), कृष्ण चेजारा, संदीप परिहार, विनायक शर्मा सहित सैकड़ों श्रद्धालुओं ने भाग लिया।
3/related/default