निवाई (लालचंद सैनी): उपखंड क्षेत्र सहित शहर में बुधवार को मौसम का मिजाज अचानक पूरी तरह बदल गया। सुबह करीब 10 बजे आसमान में छाई काली घटाओं के बीच आकाशीय बिजली के भीषण धमाके हुए, जिससे पूरा शहर दहल उठा। बिजली की गूंज से घरों में मौजूद लोग भी सहम गए। धमाकों के साथ ही कुछ देर तक बारिश का दौर चला, जिसने जनजीवन की रफ्तार पर एकाएक ब्रेक लगा दिया। सुबह लोग अपने दैनिक कामों में व्यस्त थे तभी अचानक हुए बादलों की तेज गडग़ड़ाहट ने सबको चौंका दिया। बिजली गिरने की आशंका के चलते लोगों ने बिजली के उपकरणों को बंद कर दिया। बरसात का दौर थमने के बाद भी राहत नहीं मिली। बारिश के बाद आसमान साफ होने के बजाय दिनभर बर्फीली एवं तेज हवाएं चलती रही। सर्द हवाओं के कारण तापमान में एकाएक भारी गिरावट दर्ज हुई, जिससे पिछले कुछ दिनों से हो रहे मौसम के बदलाव के बाद एक बार फिर ठिठुरन बढ़ गई। दुपहिया वाहन चालकों को इन तेज हवाओं के कारण आवागमन में काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। बारिश व तेज हवाओं ने क्षेत्र के किसानों की धडक़नें बढ़ा दी हैं। खेतों में खड़ी फसलों के लिए तेज हवाएं नुकसानदायक साबित हो सकती हैं। हालांकि बारिश कम समय के लिए हुई, लेकिन बिजली के धमाकों ने पशुपालकों और खुले में काम करने वाले मजदूरों के बीच डर का माहौल बना दिया।
आकाशीय बिजली के धमाकों से दहला शहर, सुबह 10 बजे कुदरत ने दिखाया रौद्र रूप
By -
February 18, 2026
0
Tags: