बीकानेर। रोटरी क्लब बीकानेर मिडटाउन का चार्टर डे इस वर्ष सेवा, संवेदना और मैत्री की भावना के साथ दिव्यांग सेवा संस्थान में मनाया गया। इस अवसर पर रोटरी सदस्यों ने दिव्यांग बच्चों के साथ आत्मीय समय बिताया तथा उनके लिए विशेष भोज का आयोजन किया।
क्लब अध्यक्ष रघुवीर झंवर ने कहा कि रोटरी का मूल मंत्र “स्वयं से पहले सेवा” है। चार्टर डे को सेवा-भाव से जोड़ते हुए दिव्यांग बच्चों के साथ भोजन करना रोटरी दर्शन का सजीव उदाहरण है। उन्होंने बताया कि रोटरी आपसी मैत्री, सहयोग और मानवीय संवेदना का सशक्त मंच है।
क्लब सचिव आलोक थिरानी ने जानकारी दी कि कार्यक्रम के दौरान रोटरी सदस्यों ने अपने हाथों से बच्चों को स्वादिष्ट व पौष्टिक भोजन परोसा। बच्चों के चेहरों पर आई मुस्कान ने सेवा को सार्थक बना दिया। उन्होंने कहा कि रोटरी केवल आयोजनों तक सीमित नहीं, बल्कि निरंतर सेवा की प्रेरणा है।
संस्थान के संचालकों ने रोटरी क्लब बीकानेर मिडटाउन के सभी सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन दिव्यांग बच्चों में आत्मविश्वास और अपनत्व की भावना को मजबूत करते हैं।
उल्लेखनीय है कि क्लब का गठन वर्ष 2013 में चार्टर अध्यक्ष विमल चांडक के नेतृत्व में हुआ था। तब से क्लब स्वास्थ्य, शिक्षा और सामाजिक सेवा के क्षेत्रों में निरंतर सक्रिय भूमिका निभा रहा है।
कार्यक्रम में रोटरी साथी निखिल महेश्वरी, सुरेश राठी, आलोक थिरानी, विमल चांडक, रघुवीर झंवर सहित बड़ी संख्या में सदस्य उपस्थित रहे। सभी ने मिलकर इस चार्टर डे को सेवा और करुणा का उत्सव बना दिया।