गुढ़ागौड़जी (राजेन्द्र शर्मा झेरलीवाला): नववर्ष के सप्ताहिक कार्यक्रम के दौरान सामाजिक चेतना का सशक्त संदेश देते हुए लोक सेवा ज्ञान मंदिर ट्रस्ट, गुढ़ागौड़जी द्वारा परंपरागत दूध महोत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं एवं समाज को नशे से दूर रहकर स्वस्थ जीवन शैली, भारतीय संस्कृति और सकारात्मक सोच अपनाने के लिए प्रेरित करना रहा। ट्रस्ट संरक्षक बुद्धिप्रकाश ओला ने कहा कि यद्यपि भारतीय नववर्ष चैत्र मास में मनाया जाता है लेकिन अंग्रेजी नववर्ष की पूर्व संध्या को समाज को नई दिशा देने के उद्देश्य से यह आयोजन किया जाता है। ट्रस्ट प्रभारी दिनेश सांखला ने युवाओं से आह्वान किया कि वे नववर्ष की शुरुआत शराब नहीं, बल्कि दूध पीकर करें और नशे से हमेशा के लिए नाता तोड़ें। वक्ताओं ने एक स्वर में कहा कि “शराब छोड़ो, दूध से रिश्ता जोड़ो” केवल नारा नहीं, बल्कि स्वस्थ, संस्कारवान और सशक्त समाज की नींव है। उन्होंने युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से सावधान करते हुए भारतीय संस्कृति, नैतिक मूल्यों और पारिवारिक संस्कारों को अपनाने का संदेश दिया। कार्यक्रम का आयोजन अध्यक्ष अंकित गुप्ता, उपाध्यक्ष हरिराम सैन, महेंद्र कुमार, पंकज कपिल, ट्रस्ट सह प्रभारी तनु सांखला, काश्वि, आयुषी शर्मा सहित ट्रस्ट पदाधिकारियों व टाईम केयर इंग्लिश स्पोकन के सानिध्य में सम्पन्न हुआ। बड़ी संख्या में नगर के गणमान्य नागरिक भी उपस्थित रहे। दूध महोत्सव न केवल नववर्ष का स्वागत बना, बल्कि नशामुक्त, संस्कारयुक्त और स्वस्थ समाज की ओर बढ़ता एक सशक्त कदम भी सिद्ध हुआ।
3/related/default