बीकानेर(नारायण उपाध्याय)। जेएनवीसी पुलिस थाना क्षेत्र में एक युवक के साथ लूट की वारदात सामने आई है। पवनपुरी हाउसिंग बोर्ड स्थित संजय पार्क के पास अज्ञात बदमाशों ने बाइक सवार युवक को घेरकर न केवल बेरहमी से मारपीट की, बल्कि गला दबाकर सोने की चेन भी तोड़कर ले गए। घटना 9 जनवरी की रात की बताई जा रही है। इस संबंध में थाने में 17 जनवरी को पीड़ित नें रिपोर्ट दर्ज करवाई है।
पीड़ित पंकज बदरा (उम्र 29), पुत्र हेमंत बदरा, जाति सिंधी, निवासी 2-5-20 पवनपुरी हाउसिंग बोर्ड ने पुलिस को दी रिपोर्ट में बताया कि वह अपने एक दोस्त के साथ मोटरसाइकिल से संजय पार्क के पीछे वाली गली से दूध लेने जा रहा था। इसी दौरान रास्ते में पहले से शराब पी रहे 8–9 अज्ञात युवकों ने अचानक उन्हें रोक लिया और घेरकर गाली-गलौच शुरू कर दी।पीड़ित ने बताया कि इससे पहले वे कुछ समझ पाते, आरोपियों ने बाइक पर बैठे-बैठे ही उन पर हमला कर दिया। मारपीट के दौरान एक युवक ने पंकज के मुंह पर वार किया, जबकि 3–4 अन्य ने उसका गला पकड़कर गले से सोने की चेन तोड़ ली और मौके से फरार हो गए।पीड़ित की रिपोर्ट पर पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।