बीकानेर। प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत रबी-2025 सीजन के लिए जिले में एग्रीकल्चर इंश्योरेंस कंपनी को अधिसूचित किया गया है। संयुक्त निदेशक कृषि मदनलाल ने बताया कि ऋणी किसान 31 दिसंबर तक संबंधित बैंक के माध्यम से अपनी फसलों का बीमा करवा सकते हैं। फसल परिवर्तन करवाने के इच्छुक किसान 29 दिसंबर तक बैंक में लिखित सूचना दे सकते हैं।
गैर ऋणी किसान सीएससी केंद्रों के माध्यम से फसल बीमा करवा सकते हैं। इसके लिए उन्हें बैंक डायरी, जमाबंदी, आधार कार्ड, बुवाई प्रमाण पत्र प्रस्तुत करना होगा। किरायेदार किसानों को इसके अतिरिक्त मूल निवास प्रमाण पत्र, भूमि मालिक का आधार कार्ड तथा ₹100 के नॉन-ज्यूडिशियल स्टांप पेपर पर स्वयं प्रमाणित किरायानामा देना अनिवार्य होगा।
सहायक निदेशक उद्यान मुकेश गहलोत ने बताया कि जिले में जौ, चना, सरसों, तारामीरा और गेहूं फसलों का बीमा 1.5 प्रतिशत प्रीमियम दर पर किया जा रहा है। जौ की बीमित राशि 44,689 रुपये पर 625 रुपये, चना की 47,750 रुपये पर 716 रुपये, सरसों की 67,525 रुपये पर 1,012 रुपये, तारामीरा की 31,594 रुपये पर 473 रुपये तथा गेहूं की 55,207 रुपये पर 828 रुपये प्रीमियम निर्धारित है।
उद्यानिकी फसलों में जीरा, इसबगोल और मेथी का बीमा 5 प्रतिशत प्रीमियम पर किया जा रहा है। जीरा की बीमित राशि 83,530 रुपये पर 4,176 रुपये, इसबगोल की 68,114 रुपये पर 3,405 रुपये तथा मेथी की 62,103 रुपये पर 3,105 रुपये प्रीमियम देय होगा।
फसल बीमा योजना प्रभारी एवं सांख्यिकी अधिकारी श्याम सुंदर अग्रवाल ने किसानों से अपील की है कि वे अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना समय रहते अपनी फसलों का बीमा अवश्य करवाएं। अधिक जानकारी के लिए जिला समन्वयक पुनीत कुमार (मोबाइल 9125163422), एग्रीकल्चर इंश्योरेंस कंपनी के व्हाट्सएप नंबर 7065514447 या टोल फ्री नंबर 14447 पर संपर्क किया जा सकता है। इसके अलावा नजदीकी कृषि कार्यालय में बीमा कंपनी के प्रतिनिधि से भी जानकारी प्राप्त की जा सकती है।