सूरजगढ़ (राजेन्द्र शर्मा झेरलीवाला): पीएमश्री श्रीकृष्ण परिषद् राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय, सूरजगढ़ में कार्यरत डॉ.अनिल कुमार शर्मा 'अनमोल' को आगामी 3 अगस्त 2025 को राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार से जयपुर में सम्मानित किया जाएगा। यह सम्मान उन्हें शिक्षा में नवाचार एवं पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में किए गए उत्कृष्ट कार्यों हेतु प्रदान किया जा रहा है। यह पुरस्कार शिक्षा व नवाचार को समर्पित संस्था एसएम फाउंडेशन द्वारा प्रदान किया जाएगा। डॉ.अनमोल एक बहुआयामी प्रतिभा के धनी हैं — वे शिक्षक, कवि और साहित्यकार के रूप में अपनी विशिष्ट पहचान बना चुके हैं। विद्यालय स्तर से लेकर अंतरराष्ट्रीय मंच तक वे पहले भी कई सम्मान प्राप्त कर चुके हैं। वर्ष 2025 में यह उनका चौथा बड़ा सम्मान होगा। उनके कार्यों ने न केवल विद्यार्थियों को प्रेरित किया है, बल्कि शिक्षा के नवाचार एवं पर्यावरणीय जागरूकता को भी नई दिशा दी है। विद्यालय परिवार, सहकर्मी, विद्यार्थी एवं नगरवासी इस गौरवमयी क्षण पर उन्हें शुभकामनाएं एवं बधाइयाँ दे रहे हैं।
3/related/default