आसलपुर/जोबनेर (अजय सिंह): 21 जून को महात्मा गांधी राजकीय (अंग्रेजी माध्यम) विद्यालय, आसलपुर में ग्राम पंचायत स्तर पर 11वां अंतरराष्ट्रीय योग दिवस उत्साह और उमंग के साथ मनाया गया। इस वर्ष की थीम "एक पृथ्वी, एक स्वास्थ्य" को आत्मसात करते हुए ग्रामीणों ने एकजुट होकर सामूहिक योग कर स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता का परिचय दिया। कार्यक्रम की शुरुआत ग्राम पंचायत की सरपंच सरला कुमावत (झोटवाड़ा मंडल अध्यक्ष) और विद्यालय के प्रधानाचार्य ओमप्रकाश वर्मा की उपस्थिति में हुई। योग सत्र में स्कूल के शिक्षक, शिक्षिकाएं, ग्राम पंचायत के कर्मचारी, बच्चे, युवा, महिलाएं और बुजुर्ग बड़ी संख्या में शामिल हुए। कार्यक्रम में हर वर्ग की भागीदारी ने यह साबित कर दिया कि योग अब केवल एक क्रिया नहीं, बल्कि एक जन-आंदोलन बन चुका है।
विशेष रूप से महिलाओं में इस बार योग को लेकर अत्यधिक उत्साह देखने को मिला। माताओं और बहनों ने पूरे मनोयोग से आसनों में भाग लिया और स्वास्थ्य के प्रति संकल्प लिया। कई लोगों ने अपने घरों पर भी सामूहिक रूप से योग किया, जिससे पूरे गांव में एक सकारात्मक ऊर्जा और अनुशासन का वातावरण बना।
प्रधानाचार्य ओमप्रकाश वर्मा ने सभी विद्यार्थियों और स्टाफ को नियमित योग करने का संदेश दिया। सरपंच सरला कुमावत ने अपने संबोधन में कहा, “योग केवल शरीर की नहीं, आत्मा की भी सफाई करता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री महोदय और हमारे क्षेत्रीय विधायक कर्नल राज्यवर्धन सिंह राठौड़ के नेतृत्व में योग को जो सम्मान मिला है, वह हम सभी के लिए प्रेरणा है।” उन्होंने सभी ग्रामवासियों को नियमित रूप से योग को जीवन का हिस्सा बनाने की शपथ दिलाई। कार्यक्रम का समापन देश और प्रदेश नेतृत्व के आवाहन पर “स्वस्थ ग्राम –समृद्ध भारत” के संकल्प के साथ किया गया। ग्रामवासियों ने इस प्रयास को सफल बनाकर आसलपुर को योग साधना का प्रतीक बना दिया। महिलाओं की भागीदारी उल्लेखनीय रही। बच्चों ने भी पूरे अनुशासन के साथ योग किया। गांव में घर-घर योग करने की पहल दिखी।
सभी अधिकारियों, कर्मचारियों और स्टाफ की उपस्थिति सराहनीय रही। योग को लेकर सकारात्मक संदेश और संकल्प वातावरण में स्पष्ट दिखा।