निवाई (लालचंद सैनी): मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा ने वित्तीय वर्ष 2025-26 में शहरी क्षेत्र के जरूरतमंद व असहाय परिवारों के लिए मुख्यमंत्री स्वनिधि योजना शुरू करने की घोषणा की है। इसका मुख्य उद्देश्य असंगठित क्षेत्र में सेवाएं देने वाले लोगों को आर्थिक मदद देना है। अधिशाषी अधिकारी मनोहर लाल जाट ने बताया कि योजना के तहत नगर पालिका की सीमा में रहने वाले गिर्ग वर्कर, ट्रांसपोर्ट वर्कर, घरेलू कामगार, भवन निर्माण श्रमिक, हॉकर, कचरा बीनने वाला, कचरा पृथक करने वाले, दस्तकार जैसे लोग, जिन्हें प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना का लाभ नही मिला है, उन्हें इस योजना मे शामिल किया जाएगा। ऐसे पात्र व्यक्तियों को कुल 80 हजार रूपये तक का ऋण मिलेगा। 18 से 60 वर्ष की उम्र वाले लोग इस योजना के लिए पात्र होंगे। उन्हें बैंक के माध्यम से 10 हजार, 20 हजार और 50 हजार रूपये का ऋण 12 माह, 18 माह और 36 माह की अवधि के लिए मिलेगा। इस पर ब्याज में 7 प्रतिशत छूट दी जाएगी। उन्होंने बताया कि पालिका ने पात्र लाभार्थियों की पहचान कर चिन्हित किया जा रहा है। आवेदन पत्र के साथ जनआधार, आधार कार्ड, बैंक पास बुक, पेन कार्ड व व्यवसाय शपथ-पत्र लगाना जरूरी होगा। इच्छुक व्यक्ति ई-मित्र या एसएसओ राजस्थान जीओवी आईएन के माध्यस से आवेदन कर सकते है। अधिक जानकारी के लिए नगर पालिका कार्यालय में स्टोर शाखा में कार्यरत सामुदायिक संगठक गणेश शर्मा से सम्पर्क कर सकते है।
3/related/default