जयपुर (श्रीराम इंदौरिया): स्वामी केशवानंद इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (एसकेआईटी) में बीटेक अंतिम वर्ष के विद्यार्थियों के लिए विदाई समारोह "गुड बाय गला 2025" का आयोजन किया गया। यह समारोह विद्यार्थियों के शैक्षणिक यात्रा की समाप्ति को चिह्नित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं अर्पित करने के उद्देश्य से आयोजित किया गया।
कार्यक्रम का सफल संचालन मुख्य प्रॉक्टर प्रमोद जैन के नेतृत्व में किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राजेंद्र सिंह चुंडावत; उप प्रबंधक, वी गार्ड जयपुर रहे। आयोजन की शुरुआत विभिन्न प्रस्तुतियों से हुई, जिसमें नृत्य, संगीत और फैशन शो ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। इस समारोह का मुख्य आकर्षण हरियाणवी म्यूजिक इंडस्ट्री के प्रसिद्ध गायक अमन जाजी की लाइव प्रस्तुति रही, जिन्होंने अपनी अद्भुत कला से कार्यक्रम में ऊर्जा और उमंग का संचार किया। उनकी प्रस्तुतियों पर छात्र-छात्राएं पूरे उत्साह के साथ झूमते नजर आए। फेयरवेल समारोह में मिस्टर फेयरवेल का खिताब निलेश जांगिड़ को और मिस फेयरवेल का सम्मान प्रिया मीणा को प्रदान किया गया।
छात्र समन्वयकों शुभम उपाध्याय, लकी जैन और साक्षम जैन ने आयोजन के सभी पहलुओं को सुनियोजित और व्यवस्थित रूप से संचालित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।