निवाई (लालचंद माली): राष्ट्रीय राजमार्ग-52 पर गुंसी चौकी के सामने मंगलवार देर रात करीब एक बजे भीषण सड़क हादसा हो गया। टोंक से जयपुर जा रहा बजरी से भरा एक ट्रेलर चालक को झपकी आने के कारण अनियंत्रित होकर आगे चल रहे ट्रक के पीछे जा घुसा। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रेलर की केबिन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और चालक उसमें फंस गया। सदर थाना प्रभारी राजेंद्र प्रसाद ने बताया कि नया गांव थाना उनियारा निवासी रामकेश पुत्र रमेश मीणा बजरी से भरा ट्रेलर लेकर टोंक से जयपुर जा रहा था। गुंसी चौकी के सामने चालक को अचानक झपकी आ गई, जिससे ट्रेलर अनियंत्रित होकर आगे चल रहे ट्रक से जा टकराया। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस उपनिरीक्षक हरिमन मीणा पुलिस जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे। अन्य ट्रक चालकों की मदद से करीब 20 मिनट तक रेस्क्यू अभियान चलाकर चालक को क्षतिग्रस्त केबिन से सुरक्षित बाहर निकाला गया। इसके बाद 108 एम्बुलेंस की सहायता से घायल को उप जिला अस्पताल निवाई पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने जयपुर रेफर कर दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण चालक को आई झपकी माना जा रहा है।
झपकी बनी हादसे की वजह: NH-52 पर बजरी से भरा ट्रेलर ट्रक में घुसा, चालक गंभीर घायल
By -
July 21, 2026
0
Tags: