ध्वजारोहण के साथ गूंजा जिनालय, सिद्धचक्र महामंडल विधान का भव्य शुभारंभ

AYUSH ANTIMA
By -
0


निवाई (लालचंद माली): सकल दिगंबर जैन समाज के तत्वावधान में तपस्वी आचार्य सुन्दर सागर महाराज के पावन सानिध्य में नौ दिवसीय श्री सिद्धचक्र महामंडल विधान का मंगलवार को ध्वजारोहण, कलश यात्रा एवं सामूहिक कलशाभिषेक के साथ भव्य शुभारंभ हुआ। श्रद्धा, भक्ति और धार्मिक उल्लास के माहौल में पूरा जिनालय परिसर जिनेंद्र जयकारों से गूंज उठा।
कार्यक्रम की शुरुआत पुन्यार्जक दिलीप एवं चेतना द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के साथ ध्वजारोहण से हुई। इसके बाद श्री शांतिनाथ दिगंबर जैन अग्रवाल मंदिर से विशाल कलश यात्रा निकाली गई। यात्रा में सबसे आगे सोधर्म इंद्र कलश लेकर चल रहा था, जबकि महिलाओं ने सिर पर मंगल कलश धारण कर भक्ति गीतों पर नृत्य करते हुए शोभायात्रा की शोभा बढ़ाई। बैंड-बाजे की मधुर धुन और जिनेंद्र जयकारों के बीच श्रद्धालु पूरे उत्साह से झूमते रहे। आचार्य सुन्दर सागर महाराज ससंघ की गरिमामयी उपस्थिति ने आयोजन को आध्यात्मिक ऊर्जा से भर दिया। मीडिया प्रभारी सुनिल भाणजा ने बताया कि कलश यात्रा अग्रवाल मंदिर से भगवान महावीर मार्ग होते हुए अहिंसा सर्किल से वापस मंदिर पहुंची। यहां आचार्यश्री के सानिध्य में विधि-विधान से ध्वजारोहण सम्पन्न हुआ। इसके पश्चात सोधर्म ने भगवान शांतिनाथ एवं पारसनाथ की शांतिधारा के साथ सामूहिक कलशाभिषेक किया। इसके बाद आचार्य सुन्दर सागर महाराज की आहारचर्या निअन्तराय सम्पन्न हुई। विधान के अंतर्गत विद्वान पंडितों ने सकलीकरण, इंद्र प्रतिष्ठा, आचार्य निमंत्रण, भूमि शुद्धि, मंडप शुद्धि सहित विभिन्न धार्मिक अनुष्ठानों का विधिवत संपादन कराया तथा भगवान श्रीजी का सामूहिक कलशाभिषेक सम्पन्न कराया। इस अवसर पर मंदिर अध्यक्ष सुशील जैन, विष्णु बोहरा, नेमीचंद सिरस, महेंद्र चंवरिया, मुकेश बनेठा, दिनेश गिन्दोड़ी, हुकमचंद जैन, राजेन्द्र बगड़ी, महेश मोटूका, अशोक सिरस, सुशील गिन्दोड़ी, पवन बोहरा, राहुल बोहरा, रौनक बोहरा, चेतन जैन, विमल जैन, राहुल जैन, विनोद जैन सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!