*कालिका पेट्रोलिंग यूनिट की महिला कांस्टेबल ने गुड टच-बैड टच, सोशल मीडिया सुरक्षा और आत्मरक्षा पर किया जागरूकñ

AYUSH ANTIMA
By -
0


रानीवाड़ा/जालौर (महेन्द्र देवासी): निकटवर्ती राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय सेवाड़िया में बालिकाओं की सुरक्षा, आत्मविश्वास और जागरूकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कालिका पेट्रोलिंग यूनिट, थाना रानीवाड़ा में तैनात महिला कांस्टेबल ममता (945) ने छात्राओं को आत्मरक्षा के व्यावहारिक गुर सिखाने के साथ-साथ गुड टच-बैड टच, साइबर सुरक्षा एवं सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग के बारे में विस्तार से जानकारी दी। महिला कांस्टेबल ममता ने कहा कि वर्तमान समय में सोशल मीडिया का बढ़ता प्रभाव कई बार युवाओं और विशेषकर बालिकाओं को गलत दिशा में ले जाता है। उन्होंने छात्राओं से अपील की कि वे सोशल मीडिया का जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करें, अनजान लोगों से दूरी बनाए रखें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत अपने अभिभावकों या पुलिस को दें। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की परेशानी या असुरक्षा की स्थिति में पुलिस हमेशा उनके साथ खड़ी है और उन्हें बिना किसी डर के अपनी बात रखनी चाहिए।
कार्यक्रम के दौरान कांस्टेबल ममता ने छात्राओं के साथ व्यावहारिक प्रदर्शन करते हुए आत्मरक्षा की विभिन्न तकनीकों का अभ्यास कराया। उन्होंने बताया कि संकट की घड़ी में थोड़ी-सी सूझबूझ और आत्मरक्षा का प्रशिक्षण बालिकाओं को स्वयं की सुरक्षा करने में सक्षम बना सकता है। विद्यालय के प्रधानाचार्य मोहम्मद नासिर ने बताया कि छात्राओं को केवल शैक्षणिक शिक्षा ही नहीं, बल्कि जीवनोपयोगी ज्ञान और आत्मरक्षा का प्रशिक्षण देना भी समय की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रम बालिकाओं में आत्मविश्वास बढ़ाने के साथ उन्हें मानसिक रूप से भी सशक्त बनाते हैं। कार्यक्रम के दौरान छात्राओं ने गुड टच और बैड टच से जुड़े अनेक प्रश्न पूछे, जिनका महिला कांस्टेबल ममता ने सरल और स्पष्ट भाषा में उत्तर देकर उनकी शंकाओं का समाधान किया। उन्होंने छात्राओं को किसी भी प्रकार की अनुचित हरकत होने पर चुप न रहने और तुरंत अपने परिजनों, शिक्षकों अथवा पुलिस को सूचना देने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर उप स्वास्थ्य केंद्र सेवाड़िया की एएनएम ऐलसी बिश्नोई ने छात्राओं को किशोरी स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं पोषण संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां दीं। उन्होंने छात्राओं को सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए एचपीवी वैक्सीन के महत्व से अवगत कराया तथा पात्र बालिकाओं से समय पर टीकाकरण करवाने का आग्रह किया। कार्यक्रम के अंत में विद्यालय परिवार एवं छात्राओं की ओर से महिला कांस्टेबल ममता का सम्मान कर आभार व्यक्त किया गया। इस दौरान वरिष्ठ अध्यापक दरगाराम चौधरी, शारीरिक शिक्षक आसुराम सेन, रेखा मीणा तथा हरजीराम मेघवाल सहित विद्यालय स्टाफ उपस्थित रहा।
Tags:

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!