पंसेरी में 27 जुलाई को लगेगा विशाल निःशुल्क नेत्र रोग जांच शिविर, बैनर का हुआ विमोचन

AYUSH ANTIMA
By -
0



रानीवाड़ा/जालौर (महेन्द्र देवासी): पंसेरी गांव में सोमवार को विशाल निःशुल्क नेत्र रोग जांच एवं मोतियाबिंद चयन शिविर का आयोजन किया जाएगा। शिविर का आयोजन श्री आदिनाथ फतेह ग्लोबल आई हॉस्पिटल, जिला अंधता निवारण समिति जालोर, शिव सांई सेवा समिति रानीवाड़ा एवं आरसीसी मालवाड़ा के संयुक्त तत्वावधान में पंसेरी निवासी स्वर्गीय शैलेष कुमार बाबूलाल बोहरा की स्मृति में किया जा रहा है। इस सेवा कार्य में भामाशाह श्रीमती सुआदेवी बाबूलाल बोहरा, अशोक बोहरा एवं नवीन बोहरा का विशेष सहयोग रहेगा। समिति एवं रोटरी ग्राम दल के अध्यक्ष मुकेश कुमार खंडेलवाल ने बताया कि शिविर 27 जुलाई को प्रातः 9 बजे से दोपहर 1 बजे तक विवेकानंद पब्लिक स्कूल के पास आयोजित होगा। शिविर में ग्लोबल अस्पताल एवं नेत्र संस्थान आबूरोड के विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम मरीजों की आंखों की जांच करेगी तथा मोतियाबिंद से पीड़ित मरीजों का चयन कर उन्हें ग्लोबल हॉस्पिटल आबूरोड अथवा श्री आदिनाथ फतेह ग्लोबल आई हॉस्पिटल, जालोर में निःशुल्क ले जाकर आधुनिक फैको पद्धति से बिना चीरा एवं बिना इंजेक्शन के निःशुल्क ऑपरेशन किए जाएंगे। आयोजकों ने बताया कि मोतियाबिंद के मरीज ऑपरेशन कराने की तैयारी के साथ शिविर में आएं तथा अपने साथ आधार कार्ड अवश्य लाएं। जिन मरीजों को पहले से मधुमेह (डायबिटीज), उच्च रक्तचाप (बीपी), श्वास या हृदय रोग जैसी समस्याएं हैं, वे अपनी नियमित दवाइयां एवं संबंधित चिकित्सकीय फाइल भी साथ लेकर आएं, ताकि उपचार में किसी प्रकार की असुविधा न हो। समिति ने लोगों में फैली भ्रांतियों को दूर करते हुए बताया कि मोतियाबिंद का ऑपरेशन वर्ष के किसी भी मौसम में सुरक्षित रूप से कराया जा सकता है। आधुनिक फैको तकनीक के कारण गर्मी या बरसात के मौसम में भी ऑपरेशन कराने से कोई विशेष परेशानी नहीं होती। मोतियाबिंद का स्थायी उपचार केवल ऑपरेशन से ही संभव है, इसलिए मरीज समय रहते जांच कराकर लाभ उठाएं। शिविर में जरूरतमंद मरीजों को माही यश बोहरा के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में नजदीक के चश्मे भी निःशुल्क वितरित किए जाएंगे। इससे आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लोगों को विशेष राहत मिलेगी। शिविर के व्यापक प्रचार-प्रसार के उद्देश्य से पंसेरी गांव में बैनर एवं पंपलेट का विमोचन किया गया। इस अवसर पर श्रीमती सुआदेवी बोहरा, अशोक बोहरा, नवीन बोहरा, सोहन राज चौपड़ा, हस्तीमल जैन, वालाराम चौधरी, करनाराम पुरोहित, मोतीराम चौधरी, रविंद्र जैन एवं योगेश श्रीमाली सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। आयोजकों ने क्षेत्र के पंसेरी सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों से अधिक से अधिक संख्या में शिविर में पहुंचकर विशेषज्ञ चिकित्सकों की सेवाओं का लाभ उठाने की अपील की है। उन्होंने कहा कि ऐसे सेवा शिविर ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को बेहतर नेत्र चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ-साथ अंधता निवारण की दिशा में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!