भू माफियाओं की अब खैर नहीं: नई तहसीलदार सृष्टि जैन का अल्टीमेटम—सरकारी, मंदिर माफी और कृषि भूमि पर अवैध कॉलोनियां बख्शी नहीं जाएंगी

AYUSH ANTIMA
By -
0


निवाई (लालचंद माली): नवनियुक्त तहसीलदार सृष्टि जैन ने पदभार ग्रहण करते ही भू माफियाओं और अवैध कॉलोनी विकसित करने वालों के खिलाफ सख्त रुख अपनाने के स्पष्ट संकेत दे दिए हैं। प्रेस वार्ता के दौरान उन्होंने दो टूक शब्दों में कहा कि क्षेत्र में किसी भी प्रकार के भू माफिया गिरोह को पनपने नहीं दिया जाएगा और सरकारी भूमि पर कब्जा या अवैध कॉलोनियां काटने वालों के खिलाफ कानून के अनुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी। तहसीलदार सृष्टि जैन ने कहा कि प्रशासन को विभिन्न प्रकार की शिकायतें प्राप्त होती हैं। प्रत्येक शिकायत की गंभीरता से जांच कराई जाएगी और दोषी पाए जाने वालों पर बिना किसी दबाव या पक्षपात के नियमानुसार कार्रवाई होगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकारी भूमि, कृषि भूमि और मंदिर माफी की जमीन पर अवैध कॉलोनियां विकसित करने वालों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि 90-ए कॉलोनी की आड़ में कृषि भूमि का अवैध रूप से भू-उपयोग बदलकर प्लॉटिंग करने वालों पर भी प्रशासन की पैनी नजर रहेगी। ऐसे मामलों में नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। तहसीलदार के इस कड़े संदेश को प्रशासनिक सख्ती की शुरुआत माना जा रहा है। लंबे समय से क्षेत्र में सरकारी, मंदिर माफी और कृषि भूमि पर अवैध कब्जों तथा बिना स्वीकृति कॉलोनियां काटे जाने की शिकायतें सामने आती रही हैं। ऐसे में उनके स्पष्ट और सख्त रुख से भू माफियाओं में बेचैनी बढ़ना तय माना जा रहा है। अब निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि प्रशासन अपने इस ऐलान को धरातल पर कितनी तेजी और प्रभावी तरीके से लागू करता है। यदि कार्रवाई लगातार और निष्पक्ष रही तो अवैध कॉलोनियों के कारोबार पर बड़ा अंकुश लग सकता है और सरकारी तथा धार्मिक संपत्तियों की सुरक्षा भी सुनिश्चित हो सकेगी।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!