निवाई (लालचंद माली): सदर थाना क्षेत्र के गांव बहकवा में गुरुवार सुबह एक हृदयविदारक घटना सामने आई, जहां लगातार कृषि नुकसान से मानसिक तनाव झेल रहे 18 वर्षीय युवक ने कमरे में दुपट्टे का फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। सदर थानाधिकारी राजेन्द्र प्रसाद ने बताया कि गुरुवार सुबह करीब 8:30 बजे मृतक के बड़े भाई दीपचन्द बैरवा ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने देखा कि दिलखुश (18) पुत्र नाथूलाल बैरवा कमरे के अंदर फंदे पर लटका हुआ था। कमरे का दरवाजा अंदर से बंद होने के कारण ग्रामीणों की मदद से खिड़की तोड़कर दरवाजा खोला गया और शव को नीचे उतारा गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर उप जिला अस्पताल की मोर्चरी पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पंचनामा और पोस्टमार्टम की कार्रवाई के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। प्रारंभिक जानकारी में मृतक के बड़े भाई ने पुलिस को बताया कि दिलखुश लगातार कृषि में हो रहे नुकसान से बेहद परेशान और मानसिक तनाव में चल रहा था। इसी तनाव के चलते उसने यह आत्मघाती कदम उठा लिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर आत्महत्या के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
कर्ज और फसल के नुकसान का दर्द बना जानलेवा: 18 वर्षीय किसान पुत्र ने फंदे से दी जान
By -
July 16, 2026
0
Tags: