निवाई (लालचंद माली): क्षेत्र में अवैध बजरी खनन और परिवहन के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बरोनी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध बजरी से भरे दो ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त किए हैं। पुलिस की इस कार्रवाई से बजरी माफियाओं में हड़कंप मच गया है और अवैध खनन में लिप्त लोगों को कड़ा संदेश गया है। बरोनी थानाधिकारी नारायण लाल गुर्जर ने बताया कि पुलिस अधीक्षक रोशन मीना, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रतनलाल भार्गव एवं डीवाईएसपी पीपलू रामअवतार के निर्देशन में अवैध बजरी खनन और परिवहन की रोकथाम के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत गठित पुलिस टीम लगातार क्षेत्र में निगरानी और गश्त कर रही थी। इसी दौरान गांव हनीफपुर मोजा के पास पुलिस टीम को अवैध बजरी से भरे दो ट्रैक्टर-ट्रॉली संदिग्ध अवस्था में दिखाई दिए। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दोनों वाहनों को जब्त कर सुरक्षार्थ बरोनी थाने में खड़ा करवा दिया। पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्रॉली के चालक एवं मालिकों के विरुद्ध एमएमडीआर एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि क्षेत्र में अवैध खनन और परिवहन के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा तथा नियमों की अवहेलना करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। कार्रवाई में सहायक उप निरीक्षक सुरेन्द्र सिंह, घनश्याम, कांस्टेबल रामकिशोर, बख्ताराम, चालक अशोक एवं कांस्टेबल गोविन्द की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
बजरी माफियाओं पर बरोनी पुलिस का शिकंजा, अवैध खनन में लिप्त दो ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त
By -
July 16, 2026
0
Tags: