टोंक (लालचंद माली): टोंक जिले के चराई स्थित देवनारायण आवासीय विद्यालय एवं छात्रावास में अव्यवस्थाओं के खिलाफ सोमवार को छात्राओं का आक्रोश फूट पड़ा। छात्रावास में उपयोग किए जा रहे आटे में कीड़े मिलने का आरोप लगाते हुए छात्राएं धरने पर बैठ गईं। छात्राओं ने भोजन की गुणवत्ता, छात्रावास की व्यवस्थाओं तथा विद्यालय में लंबे समय से व्याप्त अनियमितताओं के खिलाफ जमकर विरोध प्रदर्शन किया।मामले की गंभीरता को देखते हुए सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के उप निदेशक करतार मीणा मौके पर पहुंचे। उन्होंने छात्राओं से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं और पूरे मामले की जानकारी ली। अधिकारियों ने छात्राओं को शीघ्र व्यवस्थाओं में सुधार कराने तथा आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन देकर शांत कराया। छात्राओं का आरोप है कि छात्रावास में लंबे समय से भोजन की गुणवत्ता खराब है और मूलभूत सुविधाओं का अभाव बना हुआ है। उनका कहना है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ। यही नहीं, विद्यालय में भी शिक्षा व्यवस्था बुरी तरह प्रभावित है। जानकारी के अनुसार विद्यालय में प्राचार्य, व्याख्याता, लैब असिस्टेंट सहित 11 पद लंबे समय से रिक्त पड़े हैं। पर्याप्त शिक्षकों और कर्मचारियों के अभाव में छात्राओं की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। छात्राओं ने रिक्त पदों को शीघ्र भरने, छात्रावास की व्यवस्थाओं में सुधार करने तथा लापरवाही बरतने वाले जिम्मेदार अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। गौरतलब है कि देवनारायण आवासीय छात्रावास में अव्यवस्थाओं की शिकायतें पहले भी सामने आती रही हैं। एक बार फिर छात्राओं के धरने ने व्यवस्थाओं पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब देखना होगा कि विभाग केवल आश्वासन तक सीमित रहता है या वास्तव में हालात सुधारने के लिए ठोस कदम उठाए जाते हैं।
कीड़ों वाला आटा परोसा तो फूटा छात्राओं का गुस्सा, देवनारायण आवासीय स्कूल में धरना; अव्यवस्थाओं की खुली पोल
By -
July 20, 2026
0
Tags: