कांग्रेस ने किया प्रधानमंत्री का पुतला दहन, युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ का लगाया आरोप

AYUSH ANTIMA
By -
0


बहरोड़: प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार ब्लॉक कांग्रेस कमेटी बहरोड़ द्वारा बुधवार को केंद्र सरकार की कथित युवा एवं शिक्षा विरोधी नीतियों के विरोध में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला दहन कर जोरदार विरोध-प्रदर्शन किया गया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित पेपर लीक के मामलों पर कड़ी कार्रवाई की मांग उठाई। प्रदर्शन को संबोधित करते हुए पीसीसी सचिव एवं कांग्रेस प्रत्याशी, विधानसभा बहरोड़ संजय यादव ने कहा कि देश का युवा आज अपने भविष्य को लेकर गहरी चिंता में है। वर्षों की मेहनत, संघर्ष और परिवारों की उम्मीदें तब टूट जाती हैं, जब प्रतियोगी परीक्षाओं की निष्पक्षता पर सवाल खड़े होते हैं। उन्होंने कहा कि युवाओं के साथ अन्याय किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जाएगा। संजय यादव ने कहा कि "जब सरकार युवाओं के सवालों का जवाब देने के बजाय उनकी आवाज़ दबाने का प्रयास करती है, तब लोकतंत्र कमजोर होता है। देश का युवा दया नहीं, बल्कि न्याय चाहता है। प्रतियोगी परीक्षाओं की विश्वसनीयता बनाए रखना सरकार की संवैधानिक जिम्मेदारी है। यदि व्यवस्था बार-बार विफल हो रही है तो उसकी जवाबदेही भी तय होनी चाहिए।" उन्होंने कहा कि "पेपर लीक केवल एक प्रशासनिक विफलता नहीं, बल्कि करोड़ों युवाओं के सपनों पर सीधा प्रहार है। मेहनत करने वाले विद्यार्थियों के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने वालों को कठोर सजा मिलनी चाहिए। कांग्रेस पार्टी छात्रों और युवाओं के अधिकारों की लड़ाई पूरी मजबूती से लड़ती रहेगी और उनके साथ हर मंच पर खड़ी रहेगी।" कांग्रेस नेताओं ने कहा कि युवाओं की आवाज़ को दबाने के बजाय उनकी समस्याओं का समाधान किया जाना चाहिए। शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर दर्ज मुकदमे लोकतांत्रिक मूल्यों के अनुरूप नहीं हैं। सरकार को युवाओं का विश्वास बहाल करने के लिए ठोस और पारदर्शी कदम उठाने चाहिए।

*प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने निम्न मांगें रखीं*

- NEET सहित विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित 150 से अधिक पेपर लीक मामलों की निष्पक्ष एवं समयबद्ध जांच कर दोषियों को कड़ी सजा दी जाए।
- केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा दें।
- दिल्ली में शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे छात्रों एवं युवाओं पर दर्ज सभी मुकदमे तत्काल वापस लिए जाएं।
- इस गंभीर विषय पर संसद में विस्तृत चर्चा कर देश के युवाओं को जवाब दिया जाए।
- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश के छात्रों एवं युवाओं से माफी मांगें।
कार्यक्रम के अंत में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कहा कि युवाओं के सपनों पर किसी भी प्रकार की चोट बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा कांग्रेस पार्टी छात्रों और युवाओं के हितों की रक्षा के लिए अपना संघर्ष निरंतर जारी रखेगी।
इस अवसर पर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी बहरोड़ के अध्यक्ष विकास यादव, पूर्व प्रधान रोहिताश चौधरी, जिला महासचिव नवीन यादव, जिला सचिव सुभाष चंद, गुलाब प्रजापत, संगठन महामंत्री जीतू गोकलपुर, सुनील चौहान, अमित योगी, नरेंद्र शिमला, लाला शुक्ल, सत्यपाल, अवधेश, अजयपाल, योगेश, उमेश, गोलू, हरेंद्र, मुकेश, देवेंद्र, प्रतीक, दिनेश सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं युवा साथी उपस्थित रहे।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!