बेलगाम ट्रक ने छीनी किसान की रोजी-रोटी, मुआवजे के लिए सड़क पर उतरना पड़ा ग्रामीणों को

AYUSH ANTIMA
By -
0


पीपलू (लालचंद माली): स्टेट हाईवे-121 पर तेज रफ्तार और बेलगाम वाहनों का कहर एक बार फिर सामने आया। देवरी गांव स्थित बालाजी मंदिर के समीप एक अज्ञात ट्रक ने किसान की भैंस को टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में किसान की रोजी-रोटी छिनने से आक्रोशित ग्रामीणों को आखिरकार न्याय और मुआवजे की मांग के लिए सड़क पर उतरना पड़ा। जानकारी के अनुसार मृत भैंस देवरी निवासी उम्मीद चौधरी पुत्र रामप्रसाद चौधरी की थी। घटना के बाद गुस्साए ग्रामीणों और पीड़ित किसान ने देवरी बालाजी के पास हाईवे पर करीब एक घंटे तक जाम लगाकर प्रदर्शन किया। इससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात पूरी तरह प्रभावित रहा। सूचना पर पीपलू थाना पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों से समझाइश कर जाम खुलवाया। पुलिस ने आश्वासन दिया कि घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज के आधार पर अज्ञात ट्रक की पहचान कर चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही पीड़ित किसान को नियमानुसार उचित मुआवजा दिलाने की प्रक्रिया भी शुरू की जाएगी। यह हादसा एक बार फिर सवाल खड़ा करता है कि आखिर सड़कों पर दौड़ रहे बेलगाम भारी वाहनों पर प्रभावी नियंत्रण कब होगा। हर दुर्घटना के बाद कार्रवाई का आश्वासन तो मिलता है, लेकिन यदि समय रहते सख्ती होती, तो शायद किसी किसान की आजीविका यूं सड़क पर दम नहीं तोड़ती।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!