निवाई (लालचंद माली): आस्था, पारदर्शिता और सामाजिक सहभागिता को नई मजबूती देने की दिशा में श्री बद्रीनाथ धाम प्रबंध एवं विकास ट्रस्ट समिति, नटवाड़ा की महत्वपूर्ण बैठक बुधवार को दोपहर 1:30 बजे मंदिर परिसर में आयोजित होगी। बैठक में श्रद्धालुओं द्वारा अर्पित दान पेटी खोली जाएगी तथा प्राप्त समस्त राशि की गणना ट्रस्ट समिति के सदस्यों की मौजूदगी में पूरी पारदर्शिता के साथ कर नियमानुसार बैंक खाते में जमा कराई जाएगी। ट्रस्ट समिति के प्रचार-प्रसार मंत्री रामदेव प्रजापत एवं उप कोषाध्यक्ष रामकिशोर गुर्जर ने बताया कि दान पेटी खोलने की संपूर्ण प्रक्रिया पारदर्शी तरीके से संपन्न होगी, जिससे श्रद्धालुओं के विश्वास को और मजबूती मिलेगी। ट्रस्ट अध्यक्ष नाथू लाल शर्मा एवं महामंत्री घनश्याम गुप्ता ने बताया कि बैठक में मंदिर की कृषि भूमि की वार्षिक काश्त नीलामी में सफल किसानों को शेष 75 प्रतिशत राशि जमा कराने का अंतिम अवसर दिया जाएगा। सभी संबंधित किसानों से निर्धारित समय पर राशि जमा कराने की अपील की गई है। ट्रस्ट मंत्री बबलेश वर्मा ने बताया कि देवस्थान विभाग के निर्देशानुसार ट्रस्ट की विभिन्न जिम्मेदारियों का पुनर्विभाजन किया जाएगा। साथ ही आगामी एक वर्ष के लिए विभिन्न उपसमितियों का गठन, कार्यकारिणी का विस्तार तथा नए पदाधिकारियों एवं सदस्यों को दायित्व सौंपे जाएंगे, ताकि मंदिर के धार्मिक, प्रशासनिक और विकास कार्य अधिक प्रभावी एवं सुव्यवस्थित ढंग से संचालित हो सकें। ट्रस्ट समिति ने सभी पदाधिकारियों एवं सदस्यों से समय पर उपस्थित होकर मंदिर के विकास, पारदर्शी व्यवस्था और सामाजिक एकता को मजबूत बनाने में सक्रिय भागीदारी निभाने का आग्रह किया है।
दान, पारदर्शिता और संगठन का संगम: श्री बद्रीनाथ धाम ट्रस्ट की अहम बैठक आज, खुलेंगी दान पेटी और बंटेंगी नई जिम्मेदारियां
By -
July 14, 2026
0
Tags: