बीकानेर (मुकेश रामावत): थानों को और मजबूत और जवाबदेह बनाने के लिए बीकानेर रेंज पुलिस ने एक नया प्रयोग शुरू किया है। रेंज के वरिष्ठ अधिकारियों ने अब सीधे थानों की जिम्मेदारी ली है।
*आईजी-एसपी ने गोद लिए थाने*
बीकानेर रेंज आईजी ओमप्रकाश ने सालासर पुलिस थाना और बीकानेर एसपी मुदित कच्छावा ने दंतौर थाने को "एडॉप्ट" किया है। इसका मतलब है कि अब इन दोनों थानों की कार्यप्रणाली, विवेचना और कानून व्यवस्था पर सीधी नजर आईजी और एसपी की रहेगी।
*आमजन से सीधा संपर्क और बेहतर निगरानी*
पुलिस के नए मॉडल के तहत इन थानों में अपराध नियंत्रण के साथ-साथ जनसुनवाई को भी प्राथमिकता दी जाएगी। वरिष्ठ अधिकारी नियमित रूप से थानों की समीक्षा करेंगे और आम लोगों से सीधा संवाद भी करेंगे। अधिकारियों का कहना है कि इससे पुलिसिंग में पारदर्शिता आएगी और कामकाज में सुधार होगा। 10 साल से ज्यादा सेवा वाले आईपीएस अधिकारी अब इस तरह थानों को गोद लेकर उनकी मॉनिटरिंग करेंगे।
*सुधार और जवाबदेही की दिशा में कदम*
पुलिस अधिकारियों का मानना है कि यह पहल थानों की कार्यक्षमता बढ़ाने और जनता का भरोसा जीतने में मददगार साबित होगी। अब थानों की हर गतिविधि पर वरिष्ठ स्तर से निगरानी होगी, जिससे समय पर कार्रवाई सुनिश्चित की जा सकेगी।