प्रभारी सचिव नवीन जैन ने ढिगाल ग्रामीण सेवा शिविर का किया निरीक्षण

AYUSH ANTIMA
By -
0


झुंझुनूं (राजेन्द्र शर्मा झेरलीवाला): जिले के प्रभारी सचिव एवं प्रमुख शासन सचिव, सामान्य प्रशासन विभाग, राजस्थान सरकार नवीन जैन (आईएएस) ने बुधवार को नवलगढ़ पंचायत समिति की ग्राम पंचायत ढिगाल में आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर का निरीक्षण कर विभिन्न विभागों द्वारा उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने आमजन से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं तथा अधिकारियों को सभी प्रकरणों का त्वरित, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान प्रभारी सचिव ने चिकित्सा विभाग की एनसीडी (नॉन कम्युनिकेबल डिजीज) जांच व्यवस्था की समीक्षा की। रोगियों की सूची का समुचित संधारण नहीं होने पर उन्होंने नाराजगी व्यक्त करते हुए निर्देश दिए कि एनसीडी रोगियों का अद्यतन डाटा व्यवस्थित रूप से संधारित किया जाए, ताकि उन्हें समय पर आवश्यक चिकित्सीय सहायता एवं नियमित फॉलोअप उपलब्ध कराया जा सके। उन्होंने किसानों को फार्म पॉन्ड योजना का अधिक से अधिक लाभ लेने के लिए प्रेरित किया। साथ ही पशुपालकों से मुख्यमंत्री मंगल पशु बीमा योजना के तहत अपने पशुओं का बीमा करवाने तथा ग्रामीणों से आयुष्मान भारत स्वास्थ्य कार्ड बनवाकर सरकारी स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ उठाने का आह्वान किया। शिविर में ग्रामीणों को विभिन्न राजस्व सेवाओं का लाभ प्रदान करते हुए पट्टों का वितरण किया गया तथा सहमति विभाजन के माध्यम से खातों का विभाजन भी संपादित किया गया। इस अवसर पर प्रभारी सचिव ने किसानों को सॉयल हेल्थ कार्ड तथा पशुपालकों को मंगल पशु बीमा योजना के प्रमाण पत्र भी वितरित किए।
निरीक्षण के दौरान मुख्य कार्यकारी अधिकारी परशुराम धनका, नवलगढ़ उपखंड अधिकारी अजीत सिंह राठौड़, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ.छोटेलाल गुर्जर, विकास अधिकारी रितेश सांखला सहित विभिन्न विभागों के जिला एवं ब्लॉक स्तरीय अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!