पिलानी (राजेन्द्र शर्मा झेरलीवाला): पिलानी के चिड़ावा-लोहारू बाईपास क्षेत्र की 10 से अधिक कॉलोनियों के निवासी लगातार हो रही बिजली कटौती से परेशान हैं। समस्या के विरोध में उपभोक्ताओं ने सोमवार को राजगढ़ रोड स्थित अजमेर विद्युत वितरण निगम लिमिटेड के सहायक अभियंता कार्यालय के बाहर प्रदर्शन कर ज्ञापन सौंपा। उपभोक्ताओं का आरोप है कि बाईपास क्षेत्र की सभी कॉलोनियों को धींधवा ग्रामीण फीडर से जोड़ दिया गया है, जिसके कारण दिन में कई बार घंटों तक बिजली कटौती और बार-बार ट्रिपिंग की समस्या बनी रहती है। उनका कहना है कि वोल्टेज ट्रिपिंग के कारण जलदाय विभाग के कई बोरिंग भी खराब हो चुके हैं। लक्ष्मी कॉलोनी, लक्ष्मण विहार, नट बस्ती, महादेव कॉलोनी, साईं कॉलोनी, कैडिया कॉलोनी सहित अन्य कॉलोनियों के लोगों ने सहायक अभियंता बूजपाल को ज्ञापन सौंपकर सभी कॉलोनियों को शहरी फीडर से जोड़ने और समस्या के शीघ्र समाधान की मांग की। उपभोक्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि सात दिनों के भीतर समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन किया जाएगा। सहायक अभियंता ब्रजपाल ने बताया कि विभाग द्वारा नया फीडर बनाने की स्वीकृति जारी हो चुकी है। उनके अनुसार नया फीडर बनने के बाद ट्रिपिंग और बिजली कटौती की समस्या से राहत मिलेगी। वहीं उपभोक्ताओं का कहना है कि स्वीकृति मिलने के बावजूद अब तक भूमि आवंटन नहीं हुआ है और लंबे समय से केवल आश्वासन दिए जा रहे हैं।
बिजली कटौती से परेशान उपभोक्ताओं का एवीवीएनएल कार्यालय पर प्रदर्शन: शहरी फीडर से जोड़ने की मांग
By -
July 20, 2026
0
Tags: